बहराइच: मंडलीय प्रतिभा खोज परीक्षा में शामिल हुए छात्र, डेढ़ हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने दी परीक्षा
जरवलरोड, बहराइच, अमृत विचार। कैसरगंज सांसद के जन्मदिन को लेकर रविवार को मंडलीय प्रतिभा खोज परीक्षा आयोजित हुई। जिसमें डेढ़ हजार से अधिक छात्र और छात्राएं शामिल हुए। जन्मदिन के मौके पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।
सांसद कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में 22 वर्षों से मंडल स्तरीय प्रतिभा खोज परीक्षा आयोजित होती है। रविवार को भी देवीपाटन मंडल के विभिन्न केंद्रों पर परीक्षा हुई। एकलव्य महाविद्यालय झुकिया जरवल रोड में विकास खण्ड जरवल के प्राथमिक, जूनियर एवं सीनियर आयु वर्ग के विद्यार्थियों नें महाविद्यालय प्रशासक अखंड प्रताप शाही के देख-रेख में प्रतिभा खोज परीक्षा में प्रतिभाग किया।
मण्डल स्तरीय इस प्रतियोगिता में सफल होने वाले सभी विद्यार्थियों को सांसद कैसरगंज के द्वारा अपने जन्म दिवस के अवसर पर छात्रों को मोटरसाइकिल, छात्राओं को स्कूटी एवं नगद धनराशि से पुरस्कृत किया जाना है। एकलव्य महाविद्यालय प्रशासक अखंड प्रताप शाही ने बताया कि एकलव्य महाविद्यालय में 485 जूनियर सीनियर वर्ग मिला कर कैसरगंज हुकम सिंह इंटर कॉलेज सीनियर जूनियर सहित 756, फखरपुर सियाराम इंटर कॉलेज सीनियर जूनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं सहित 496 परीक्षा में शामिल हुए है।
