बाराबंकी : तस्कर की बची हुई पौने छह करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क
बाराबंकी, अमृत विचार। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तस्करी करने वाले गिरोह के सरगना मुनव्वर की बची हुई पौने छह करोड़ रुपये की संपत्ति जल्द ही पुलिस और प्रशासन की टीम कुर्क करेगी। इसके लिए जिला मजिस्ट्रेट ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत अपनी अनुमति दे दी है। इससे पहले भी मुनव्वर की सवा 16 करोड़ की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
जैदपुर थाना क्षेत्र के राजा कटरा निवासी मुनव्वर अपने गिरोह के सदस्य असंद्रा थाना क्षेत्र के सिद्वाैर कस्बे के हटिया निवासी जासिम के साथ मिलकर करीब दो दशक से आर्थिक व भौतिक लाभ के लिए अन्तराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थो की तस्करी करता था। इस दौरान उसने अपने परिजनों और मित्रों के नाम अकूत सम्पत्ति अर्जित की। गिरोह के सरगना मुनव्वर पर एनडीपीएस एक्ट के दो मुकदमें दर्ज होने के बाद पुलिस ने गैंगस्टर का केस दर्ज किया। इसके बाद उसके और उसके परिजनों के नाम की सवा 16 करोड़ से अधिक की संपत्ति गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क किया जा चुका है। उसके बाद उसके मित्र के नाम दर्ज पौने छह करोड़ की संपत्ति कुर्क करने का आदेश जिलाधिकारी ने दे दिया है। जल्द ही पुलिस व प्रशासन की टीम नवाबगंज तहसील के सुरसंडा स्थित मित्र के नाम साढे़ पांच करोड़ रुपये कीमत के आवासीय भूखण्ड पर बने काम्पलेक्स और पल्हरी मजरे परगना प्रतापगंज बनी दुकानों को कुर्क किया जाएगा।
ये भी पढ़ें -रायबरेली: जीविका ही नहीं जीवन का अभिशाप बनी बकुलाही झील, गांव में फैल रही अपंगता
