Exclusive: एक साल और बीता… हत्याकांडों के खुलासे रहे अधूरे, हाईटेक पुलिस नहीं कर सकी पूरे
कानपुर में हत्याकांडों के खुलासे अधूरे रहे।
कानपुर में हत्याकांडों के खुलासे अधूरे रहे। हाईटेक पुलिस पूरे नहीं कर सकी। एक वर्ष बीत गया लेकिन पुलिस नहीं कर छह बड़ी वारदातों का खुलासा। कमिश्नरेट में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए हैं एक दर्जन से ज्यादा आईपीएस तैनात है।
कानपुर, [गौरव श्रीवास्तव]। स्मार्ट सिटी की तकरीबन 50 लाख से ज्यादा की आबादी को देखते हुए शासन ने कानपुर में कमिश्नरेट का गठन किया था। यहां पर एक दर्जन से ज्यादा तेज तर्रार आईपीएस को तैनाती की गई। साथ ही जिले को चार जोन में बांटा गया। इसके बाद शासन को अफसरों की फौज को अपराध पर काफी हद तक अंकुश लग जाने का अनुमान था, लेकिन ऐसा कतई नहीं हो सका।
घटनाओं के खुलासे के लिए कमिश्नरेट के थानों में अपराध गोष्ठी होती है, जिसमें पेंडिंग मामलों की समीक्षा पर संबंधित को फटकार पड़ती है। लेकिन इसके बाद भी दफन अनसुलझी घटनाओं में पूरे वर्ष हलचल होते नजर नहीं आई और एक साल बीत गया। जिससे पीड़ितों की आंखों के आंसू उम्मीद में सुख गए। हिस्से साबित हो गया कि हत्याकांडों के खुलासे अधूरे रहे और पुलिस उसे पूरे नहीं कर सकी।
केस-1: बैंक में सुरंग बनाकर 1 करोड़ का सोना चोरी
23 दिसबंर वर्ष 2022 को सचेंडी थानाक्षेत्र के भौती हाईवे पर स्थित एसबीआई के बगल खाली प्लॉट से सुरंग बनाकर चोरी हुई थी। शातिर चोरी करीब 10 फीट लंबी सुरंग बनाकर वहां से बैंक के स्ट्रांग रूम तक पहुंचने का रास्ता बनाया और लॉकर काटकर 1 करोड़ से ज्यादा का सोना चोरी कर ले गए थे। वारदात के बाद दो थानेदार और एसीपी भी बदल गए। सीसीटीवी फुटेज भी मिला, लेकिन एक वर्ष बाद भी खुलासा नहीं हो पाया। इस बीच एक गुमनाम पत्र भी पुलिस कमिश्नर के पास पहुंचा था, जिसमें कई लोगों का नाम लिखे थे, लेकिन वह भी जांच में फर्जी निकला। पुलिस कमिश्नर से लेकर संयुक्त पुलिस आयुक्त पूरे मामले को लेकर कई बार समीक्षा कर चुके हैं, लेकिन खुलासा नहीं हो सका।
केस-2 : लोहा कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर पांच लाख लूटे
10 मई 2023 को चकेरी थानाक्षेत्र के गांधीग्राम में बाइक सवार तीन बदमाशों ने 50 वर्षीय लोहा कारोबारी संजय गौड़ को दुकान में घुसकर गोली मार दी थी। इसके बाद गल्ले से 5 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। अस्पताल ले जाते समय कारोबारी की मौत हो गई थी। चकेरी पुलिस ने मामले में हत्या, लूट व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। हत्याकांड के बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी मौके पर पहुंचे थे और मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने की बात कही थी, इसके बाद भी सात महीने बीतने के बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। बदमाशों के स्कैच भी जारी हुए लेकिन वह भी ठंडे बस्ते में चले गए।
केस-3 : तीन बोरियों में पांच टुकड़ों में मिला था युवक का शव
17 जून 2023 को कर्नलगंज थानाक्षेत्र में पुलिस कमिश्नर आवास के पास तीन बोरियों में पांच टुकड़ों में युवक का शव मिला था। इस सनसनीखेज वारदात को हल करने के लिए पुलिस की कई टीम और तेज तर्रार पुलिस कर्मी लगाए गए लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस ने पूरे भारत में उसकी प्रोफाइल की डिटेल भेजी थी। साथ ही दूरदर्शन और आकाशवाणी के साथ-साथ सोशल मीडिया से भी मदद ली जा रही है। पुलिस की जांच में एक पेट्रोल टंकी पर लगे तमाम सीसीटीवी की फुटेज चेक की गई लेकिन एक ई रिक्शा के अलावा दूसरा कोई सुराग नहीं लगा। रिक्शे में बोरी रखे हुए कुछ लोग थे। जिन पर शंका जाहिर की जा रही थी। लेकिन जांच में कुछ भी हाथ नहीं लगा।
केस-4: सिर, हाथ, पैर काटकर फूंका गया शव, पहचान नहीं हो सकी
22 अगस्त 2023 को गोविंद नगर थानाक्षेत्र में कानपुर-इटावा हाईवे पर गुजैनी पुल के नीचे नौरैया खेड़ा में एक युवक का शव मिला था। हत्यारों ने यहां पर पहचान मिटाने के लिए सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। युवक का सिर, हाथ, पैर काटे गए थे। साथ ही शव को भी फूंक दिया गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। तीन दिन तक पहचान न हो पाने के बाद पुलिस ने लावारिस में पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार करा दिया था। यह भी हत्या गुमनामी के कफन में लिपट गई। रिपोर्ट में सामने आया था कि डॉक्टर यह तक नहीं जान पाए कि शव पुरुष का है या स्त्री का। पुलिस ने इस मामले में कानपुर देहात और कानपुर के गुमशुदा लोगों की डिटेल निकलवाई लेकिन सब बेनतीजा रही।
केस-5: हुंडई शोरूम में बदमाशों का धावा,10 लाख की चोरी
6 जुलाई 2023 को महाराजपुर थानाक्षेत्र के रूमा के पास स्थित हुंडई शोरूम में बदमाशों ने ताला तोड़कर तकरीबन 10 लाख रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में जांच में यह सामने आया था कि वारदात को अंजाम देने वाले दो थे, लेकिन बाद में स्थिति साफ हुई कि वह पांच शातिर थे। अभी तक बदमाश पकड़े नहीं गए। डीसीपी पूर्वी के निर्देश पर लगातार एसीपी इस मामले की जांच कर रहे हैं, लेकिन कोई खास कड़ी नहीं ढूंढ सकी है। इस मामले में किया शोरूम में प्रतापगढ़ के शातिरों द्वारा 59 लाख की चोरी की घटना के बाद उनसे पुलिस ने जेल में जाकर पूछताछ की लेकिन कोई नतीजा नहीं निकलकर आया। पांच माह से मामला ठंडे बस्ते में है।
केस-6: तेजाब से जलाकर पत्नी को काट डाला था
24 जुलाई 2023 को फजलगंज थानाक्षेत्र में दर्शनपुरवा के रामनगर निवासी सराफ अर्जुन ने पत्नी सोनी पर शक करने पर विवाद हुआ था। इसके बाद अंदर से कमरा बंद कर उसके ऊपर तेजाब डालकर चापड़ से काट डाला था। वार करने के कुछ ही देर में सोनी की मौत हो गई थी। इस दौरान बेटी वैष्णवी ने बीच बचाव किया तो सिरफिरे पिता ने उस पर भी चापड़ से वार कर तेजाब डाल दिया था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इस मामले में डेढ़ महीने के बाद भी पुलिस को एक सुराग तक नहीं लगा है। पुलिस ने आरोपी की गि्रफ्तारी के लिए कई जिलों में छापेमारी की लेकिन खुलासा नहीं हो सका।
पुलिस का सूचना तंत्र पूरी तरह से फेल
एक समय होता था जब पुलिसकर्मी शहर की भौगोलिक स्थिति के बारे में भली भांति परिचित होते थे। लेकिन पिछले पांच वर्षों में विभाग में नए रंगरूटों के आने के बाद से वह क्षेत्र के बारे में जानते ही नहीं। पहले के तेजतर्रार सिपाहियों को खुलासे के लिए लगाया जाता था। लेकिन अब अफसरों के आदेश पर क्राइम ब्रांच लगा दी जाती है। नए सिपाहियों को क्षेत्र के नाम, गलियां साथ ही हिस्ट्रीशीटर आदि के बारे में ठीक तरह से नहीं पता हैं। वह मामलों में सांठगांठ में लग जाते हैं। इनका सूचना तंत्र पूरी तरह से फेल है।
हाईटेक कमिश्नरेट पुलिस फिर भी नतीजा शून्य
25 मार्च 2021 को कानपुर कमिश्नरेट का गठन हुआ था। जिसके बाद देखते ही देखते कमिश्नरेट में सीसीटीवी, सर्विलांस, फील्ड यूनिट, एलआईयू और सक्रिय हो गए। इसके बाद दर्जनों की संख्या में जघन्य अपराध हुए। लेकिन कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के अफसरों के लिए उक्त छह वारदातें चुनौतीपूर्ण साबित हो रही हैं। जिससे अब तक नतीजा शून्य है।
ये भी पढ़ें- Kanpur Fire: गैजेंस क्लब में लगी आग… न्यू ईयर की चल रही थी पार्टी, दमकल ने काबू पाया
