Kanpur Dehat Accident: नेशनल हाईवे पर ट्रक में घुसी कार... दो की मौत व एक घायल, हादसे के बाद मची चीख-पुकार
कानपुर देहात में सड़क हादसे में दो की मौत।
कानपुर देहात के भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में ट्रक में कार घुस गई। हादसे में दो की मौत हो गई। जबकि एक घायल हो गया।
कानपुर देहात, अमृत विचार। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर गांव के समीप नेशनल हाइवे पर रविवार की रात एक कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। जिससे कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक युवक घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घायल को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कानपुर नगर के नौबस्ता निवासी सौरभ (28) पुत्र ज्वाला प्रसाद ने बताया कि वह अपने भाई दीपक वर्मा (25) व अजय कुमार (30) पुत्र रमेश चंद्र निवासी जनपद जालौन के साथ कार से कानपुर से उरई जा रहे थे। वह भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के कानपुर-झांसी हाईवे पर दौलतपुर गांव के समीप पहुंचे। तभी आगे चल रहे ट्रक से उनकी कार टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार दीपक व अजय की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंचे अमरौधा चौकी इंचार्ज ने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुखरायां में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने सौरभ को जिला अस्पताल अकबरपुर रेफर कर दिया गया। चौकी इंचार्ज अमरौधा कौशल कुमार ने बताया कि दीपक और अजय के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। भोगनीपुर कोतवाल दिलीप कुमार बिंद ने बताया कि घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
