शाहजहांपुर: हाईवे जाम कर सड़क पर बैठे चालक, कोतवाल से हुई नोकझोंक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तिलहर, अमृत विचार। भाजपा सरकार की ओर से नया अध्यादेश लाए जाने से नाराज ट्रक चालकों ने सोमवार को जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कोतवाल सुरेंद्र पाल सिंह से ट्रक चालकों की जमकर नोकझोंक हुई। कोतवाल के समझाने के बाद लगभग 2 घंटे बाद जाम खुल सका।

सड़क मार्गों पर तेजी व लापरवाही से वाहन चलाने के कारण बढ़ते सड़क हादसों को लेकर भाजपा सरकार की ओर से नया सड़क कानून पारित किया गया है। नई सड़क कानून के मुताबिक सड़क पर दुर्घटना में हिट एंड रन के मामले में दोषी ड्राइवर पर 7 लाख रुपये तक का जुर्माना और 10 साल तक कैद का प्रावधान किया गया है। सोमवार को विरोध कर रहे वाहन चालकों ने कहा कि अधिकांश वाहन चालक दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाना चाहते हैं, लेकिन जनता की पिटाई के डर से वह भागते हैं। ट्रक चालकों ने कहा कि यह कानून गलत है और इसका पूरा विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिकांश वाहन चालक दुर्घटना के बाद अपनी जान बचाने के लिए मौके से भाग जाते हैं क्योंकि वहां मौजूद जनता बिना सही गलत देखे केवल बड़े वाहन चालक को पीटने का काम करती है। ट्रक चालकों ने बताया कि इस कानून को सरकार वापस ले नहीं तो पूरे देश में चक्का जाम किया जाएगा।

कई घंटे के जाम से हाईवे पर काफी दूर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई। कोतवाल सुरेंद्र पाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने जाम लगाकर सड़क पर बैठे वाहन चालकों से वार्ता की। वाहन चालकों से उनकी जमकर नोकझोंक हुई और लगभग दो घंटे तक चालकों ने जाम नहीं खोला। कोतवाल ने जब जाम में खड़े वाहनों का फोटो लेकर चालान करने की धमकी दी तो ट्रक चालक बैकफुट पर आ गए। इसके बाद उन्होंने जाम खोल दिया। जाम खुलने के बाद पुलिस को जाम में फंसे वाहनों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: अधूरा पड़ा वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट, आग लगाकर हल्का किया जा रहा कूड़े का बोझ

संबंधित समाचार