गोंडा: वाहन चालकों की हड़ताल से 24 घंटे में डेढ़ गुना बढ़ गए सब्जियों के दाम
आलू से 15 से 20 तो 30 रुपये से 50 रुपये तक पहुंची मटर की कीमत
गोंडा, अमृत विचार। वाहन चालकों की हड़ताल का सबसे अधिक असर सब्जियों पर पड़ा है। सब्जी आपूर्ति बाधित होने के कारण इसकी कीमतें आसमान पर पहुंच गयी हैं। पिछले 24 घंटे में सब्जियों को दामों में डेढ गुना की बढ़ोत्तरी हो गयी है। 15 रुपये किलो बिक रहा आलू मंगलवार को 20 रुपये का हो गया। वहीं 30 रुपये प्रति किलो बिक रही मटर की कीमत 50 रुपये पर पहुंच गयी।
नए एमवी एक्ट के विरोध में वाहन चालक सोमवार से हड़ताल पर हैं। वाहन चालक इस नए हिट एंड रन कानून को वापस लेने की मांग पर अड़े हैं। चालकों की हड़ताल से घरेलू गैस, सीएनजी, डीजल पेट्रोल, सब्जी व फल की आपूर्ति बाधित हुई है। सोमवार से ही इन वस्तुओं की आपूर्ति नहीं हो पायी है। इसका सीधा असर घरेलू उपयोग की वस्तुओं पर पड़ा है।
पिछले 24 घंटे के भीतर सब्जियों की कीमत में डेढ़ गुना का इजाफा हुआ है। 15 रुपये किलो बिक रहा आलू मंगलवार को 20 रुपये का हो गया। वहीं 30 रुपये प्रति किलो बिक रही मटर की कीमत 50 रुपये पर पहुंच गयी। इली तरह दे दिन पहले तक30 रुपये किलो बिक रहा प्याज भी मंगलवार को 40 रुपये में बिका।
टमाटर 30 रुपये किलो से 35 रुपये किलो, हरा मिर्चा 40 रुपये किलो से 60 रुपये किलो, फूलगोभी 30 रुपये से 40 रुपये किलो अदरक 160 रुपये किलो से 180 रुपये किलो व दो दिन पहले 80 रुपये किलो बिकने वाला नींबू मंगलवार को 100 रुपये प्रतिकिलो पहुंच गया। गौरा चौकी चौराहे पर सब्जी की दुकान करने वाले आज्ञाराम मौर्य व छोटू मौर्या ने बताया कि आगे से ही सब्जी के दाम बढ़ाकर आ रहे हैं। इसलिए दाम बढ़ाकर बेचा जा रहा है।
सब्जियों की कीमत का दो दिन का तुलनात्मक विवरण
नाम दो दिन पहले कीमत मंगलवार की कीमत
आलू 15 रुपया 20 रुपया
मटर 30 रुपया 50 रुपया
प्याज 30 रुपया 40 रुपया
टमाटर 30 रुपया 35 रुपया
हरा मिर्चा 40 रुपया 60 रुपया
फूलगोभी 30 रुपया 40 रुपया
अदरक 160 रुपया 180 रुपया
नींबू 80 रुपया 100 रुपया
(नोट- कीमतें प्रति किलो के हिसाब से)
वाहन चालकों की हड़ताल से सब्जी और फलों की आवक घटी है। हड़ताल के कारण मंगलवार को सप्लाई बाधित रही। इस कारण सब्जियों और फलों के दामों में थोड़ा इजाफा हुआ है। जमाखोरों पर नजर रखी जा रही है...,भूपेंद्र यति, मंडी निरीक्षक-फल एवं सब्जी।
यह भी पढ़ें:-स्कूली वैन में लगवाना होगा CCTV कैमरा, तीन महीने का मिला समय, सरकार के इस कदम की अभिभावकों ने की सराहना
