कानपुर: नए नियमों के विरोध में चक्का जाम जारी, पेट्रोल पंपों पर मारामारी
कई पेट्रोल पंप हुए खाली, पेट्रोल भरवाने के दौरान बाइक में लगी आग हड़कंप, पुलिस के पहरे में बिका पेट्रोल
कानपुर, अमृत विचार। केंद्र सरकार के नए कानून के विरोध में मंगलवार को दूसरे दिन भी ड्राइवरों का धरना प्रदर्शन जारी रहा। वाहन चालकों ने जगह-जगह पर प्रदर्शन कर सरकार से कानून में संसोधन लाए जाने और चालकों के हितों को ध्यान रखे जाने की मांग की। हड़ताल के दूसरे दिन सभी कार्मिशयल वाहनों के पहिए थमे रहे, जिससे राहगीरों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। हड़ताल समर्थकों की सवारी लेकर जा रहे ऑटो, ई-रिक्शा चालाकों से झड़प भी हुई। हड़ताल के दौरान पेट्रोल-डीजल की कमी की सूचना पर शहर के सभी पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें दिखी।
पेट्रोल भरवाने के दौरान कई जगह धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद पेट्रोल पंप पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। नए सड़क कानून तहत हिट एंड रन केस में 10 साल की सजा व सात लाख जुर्माना का प्रावधान किया गया है। जिसके विरोध में वाहन चालक सड़क पर उतर आए हैं। मंगलवार को हड़ताल के दूसरे दिन कानपुर-हमीरपुर हाईवे, सचेंडी हाईवे, कानपुर-लखनऊ मार्ग पर ट्रकों के पहिए थमें रहे।
वहीं टेंपो, ऑटो, ई-रिक्शा चालकों ने शहर में चक्का जाम कर नौबस्ता, किदवई नगर मारबल मार्केट जगह-जगह पर विरोध प्रदर्शन किया। चालकों ने कहा कि, सरकार ने जो कानून बनाया उसे तत्काल वापस करें । जब तक हमारी मांग पूरी नही होती है, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा है। चक्का जाम से राहगीरों को भारी समस्या का सामना करना पड़ा। बर्रा बाईपास, नौबस्ता, यशोदा नगर हाईवे, जीटी रोड, जरीबचौकी समेत अन्य चौराहों पर सवारियां साधन के इंतजार पर खड़ी रहीं। लोग प्राइवेट वाहन चालकों से लिफ्ट मांगते नजर आए। इसके साथ ही रावतपुर, किदवई नगर, विजय नगर, घंटाघर, टाटमिल, श्याम नगर, रामादेवी में भी वाहन चालकों ने हंगामा किया।
घंटों सवारी के इंतजार में खड़े रहे लोग
नौबस्ता हमीरपुर रोड पर साधन के इंतजार में पत्नी व बच्चों संग खड़े मझावन गांव निवासी विजय मिश्रा ने बताया कि वह दिल्ली में काम करते है। परिवार संग सेंट्रल स्टेशन पर उतरे तो काफी देर तक कोई भी साधन नहीं मिला। काफी देर तक ऑनलाइन टैक्सी बुक करने का प्रयास किया, लेकिन वो भी नहीं मिली। काफी देर बाद खचाखच सवारियों से भरी रोडवेज बस मिली। बस से नौबस्ता में उतारा, उसके बाद करीब एक घंट से सवारी का इंतजार कर रहे है। कोई भी ऑटो-टेंपो वाला ले जाने को तैयार नही है। इसके बाद एक रोडवेज बस आने पर विजय परिजनों संग रवाना हुए।
डंडे से गाड़ी तोड़ दें, सवारी तुरंत उतार
हड़ताल समर्थकों की मंगलवार को भी कई जगहों पर गुंडागंर्दी देखने को मिली। बर्रा दो संकट मोचन मंदिर के पास हड़ताल समर्थकों ने ई-रिक्शा चालक शुभम को रोक लिया। गाड़ी में तीन महिलाएं व दो पुरुष बैठे हुए थे। पूछने पर चालक ने बताया कि रतन लाल नगर से सवारी लेकर आ रहे है। इसके बाद हड़ताल समर्थक आक्रोशित हो गए और डंडे से ई-रिक्शा तोड़ने की धमकी देते हुए सवारियां उतारने को कहा। डरी सहमी महिलाएं तुरंत ई-रिक्शा से उतर पैदल चली गईं। इसके साथ ही सीटीआई चौराहे पर भी हड़ताल समर्थकों की अराजकता देखने को मिली। चौराहे पर कई ऑटो चालकों के वाहनों की चाभियां छीनी गई।
साथियों से बोल देना पुलिस पकड़ ले गई
नौबस्ता चौराहा पर अधिकांश ऑटो चालक गाड़ी किनारे खड़ी किए हुए थे। इक्का-दुक्का चालक सवारी लेकर निकले तो हुड़दंगियों ने ऑटो रूकवा कर सवारियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। अभद्रता की सूचना पर मौके पर पहुंची डॉयल 112 ने एक युवक को हिरासत में लिया, जबकि अन्य साथी फरार हो गए। पुलिस के जीप में बैठाने के दौरान युवक ने कहा कि साथियों को बता देना पुलिस ने पकड़ लिया है।
पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतार, धक्का-मुक्की
चक्का जाम होने पर मंगलवार को शहर के सभी पेट्रोल पंपों पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। पेट्रोल पंप पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रही। लोगों ने हड़ताल लंबी चलने के अंदेशे को देखते हुए गाड़ियों की टंकियां फुल कराने की होड़ लगी रही। जल्दी पेट्रोल भराने को लेकर लोगों में धक्का-मुक्की भी हुई। कई पेट्रोल पंपों पर विवाद की सूचना पर पुलिस बल की तैनाती की गई, जिसके बाद पेट्रोल पंप पर बिक्री की गई।
यह भी पढ़ें;-संतकबीर नगर: नगर पालिका अध्यक्ष ने अग्निकांड से प्रभावित लोगों से की मुलाकात
