बरेली: अकाल तख्त एक्सप्रेस से कटकर हुई गैंगमैन की मौत
डाउन लाइन पर मरम्मत कार्य के दौरान कोहरे में नहीं दिखी ट्रेन
फतेहगंज पूर्वी/ बरेली, अमृत विचार। बिलपुर और मीरानपुर कटरा स्टेशन के बीच एक गैंगमैन की मरम्मत कार्य के दौरान अकाल तख्त एक्सप्रेस से टकराकर मौत हो गई। कोहरे में गैंगमेन को ट्रेन नहीं दिखाई दी।
गांव निबड़िया निवासी उमेश (32) रेलपथ विभाग में गैंगमैन के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार की सुबह डाउन लाइन पर बहगुल नदी पुल और कटरा के बीच रेलवे ट्रैक पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा था। उमेश अन्य गैंगमैनों के साथ रेलवे ट्रैक पर कार्य कर रहे थे। उमेश डाउन लाइन पर दूसरे गैंगमैनों के पास किसी काम के लिए जा रहे थे तभी अकाल तख्त एक्सप्रेस लखनऊ की ओर से अप लाइन पर आ गई। कोहरे के कारण उमेश को ट्रेन नहीं दिखी। जिससे टक्कर लगने से उसकी मौत हो गई। स्टेशन मास्टर बिलपुर तथा कटरा ने रेलवे कंट्रोल को सूचना दी।
सूचना पर जीआरपी, आरपीएफ एवं कटरा पुलिस मौके पर पहुंची। उमेश की मौत की खबर सुनकर निबडिया गांव से तमाम लोग व परिजन मौके पर पहुंच गए। जीआरपी थाना बरेली जंकशन प्रभारी निरीक्षक अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि गैंगमैन की अकाल तख्त से कटकर मौत हुई है। मामला सिविल पुलिस के क्षेत्र में था लिहाजा कटरा पुलिस ने पंचनामा भरा है।
ये भी पढ़ें- बरेली: एसएसपी के आदेश के बाद भी इंस्पेक्टर ने दर्ज नहीं की रिपोर्ट
