बरेली: एसएसपी के आदेश के बाद भी इंस्पेक्टर ने दर्ज नहीं की रिपोर्ट
दबंगों ने कर दी फसल नष्ट, आईजी से मिला पीड़ित परिवार
बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर के रमपुरिया निवासी तीन महिलाओं ने दबंगों पर दातागंज, बदायूं की जमीन पर कब्ज करने की कोशिश का आरोप लगाया है। आरोप है कि 30 हजार रुपये की रंगदारी न देने पर दबंगों ने दो बार फसल नष्ट कर दी। एसएसपी के निर्देश के बाद भी इंस्पेक्टर दातागंज ने रिपोर्ट दर्ज नहीं। अब पीड़ित परिवार आईजी से मिला। आईजी ने इंस्पेक्टर को रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
रमपुरिया निवासी विजय देव शर्मा ने बताया कि दातागंज क्षेत्र के गांव सेहरा बछिलिया पुख्ता में उनकी मां नन्ही देवी, ताई रामसखी और भाभी प्रिया शर्मा के नाम पर 75 बीघा जमीन है। जमीन पर गांव चुटमुरी और समरेर के कुछ लोग कब्जा करना चाह रहे हैं। आरोपियों ने उनसे 30 हजार रुपये प्रति बीघा के हिसाब से रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर आरोपियों ने दो बार फसल को नष्ट कर दिया। इसकी शिकायत पीड़ित परिवार ने एसएसपी बदायूं से की। एसएसपी ने इंस्पेक्टर दातागंज को निर्देशित किया, इसके बाद भी इंस्पेक्टर ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और समझौते का दबाव बनाया। आरोप है कि इंस्पेक्टर स्थानीय नेता के दबाव में रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रहे हैं। अब पीड़ित परिवार आईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह से मिला और न्याय की गुहार लगाई है। आईजी ने जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश इंस्पेक्टर को दिए हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: जिला महिला अस्पताल में ट्रांसफार्मर बॉक्स में आग से मची खलबली
