Kanpur Accident: जन्मदिन पर एक की गई जान... दूसरे दोस्त ने भी दम तोड़ा, परिजनों में मची चीख-पुकार
कानपुर में सड़क हादसे में युवक की जान गई।
कानपुर में जन्मदिन पर एक की गई जान ताे दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों मं चीख-पुकार मच गई।
कानपुर, अमृत विचार। गोविंद नगर थानाक्षेत्र में मंगलवार देर शाम लोडर और बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल हलवाखेड़ा निवासी 27 वर्षीय गोविंद उर्फ रॉनी की जन्मदिन पर अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी। वहीं पीछे बैठे 13 ब्लॉक गोविंदनगर निवासी 17 वर्षीय रोहित कश्यप उर्फ साहिल की बुधवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के पोस्टमार्टम करने के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया। हेलमेट न लगाने के कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की हेड इंजरी की पुष्टि हुई है।
मूलरूप से जिला महोबा निवासी गोविंद उर्फ रोनी गोविंद नगर में रजनीश की फास्ट फूड की दुकान में पिछले तीन वर्षों से काम कर रहा था। वह हलवाखेड़ा में ही किराए पर कमरा लेकर रहता था। दो जनवरी को उसका जन्मदिन था। इस पर उसकी फास्टफूड दुकान के आसपास के दुकानदारों ने चंदा करके गोविंद के बर्थडे में केक काटने के लिए तैयारी की।
सभी ने पैसा इकट्ठा करके गोविंद को अपनी पसंद केक लाने की बात कहा। वह अपने पड़ोसी दुकानदार राज गुप्ता की बाइक से अपने जिगरी मित्र रोहित उर्फ साहिल को लेकर केक लाने चला गया। वह दोनों बिना हेलमेट के डीबीएस कॉलेज के पास तेज रफ्तार बाइक से पहुंचे ही थे, कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए।
राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर दोनों को हैलट अस्पताल भेजा। जहां गोविंद की रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं रोहित उर्फ साहिल ने बुधवार सुबह 9.30 बजे दम तोड़ दिया। गोविंद नगर पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गोविंद के परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार सबसे बड़े भाई शंकर उसके बाद रॉनी फिर छोटा भाई कन्हैया है। जन्मदिन पर बेटे की मौत पर मां उमा देवी बदहवास हो गई। मृतक रोहित की सबसे बड़ी बहन निधि है, उसके बाद सुमित, मोहित फिर वह था। घटना के बाद मां मीरा का रो-रोकर बुरा हाल है। गोविंद नगर इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि हादसे के बाद लोडर को कब्जे में लेकर चालक का पता लगाया जा रहा है।
जिगरी दोस्तों के शव पहुंचे तो मचा कोहराम
हादसे में दोनों युवकों की मौत के बाद दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया। दोनों परिवारों में सैकड़ो लोग मौजूद थे। दोनों मृतकों की मां घर पर अपने लाडले का एक बार चेहरा देखने के लिए अड़ी थीं। दोनों के शव जैसे ही पोस्टमार्टम से अपने-अपने घर पहुंचाए गए तो हर आंख नम हो गई। जिम्मेदारियों के बोझ पर पेट की खातिर छोटे से ही दोनों ने घर की जिम्मेदारियां उठा ली थीं। लोगों ने बताया कि दोनों में जिगरी दोस्ती भी थी।
लोडर छोड़ा गया होगा तो अफसरों से होगी शिकायत
दोनों के परिजनों का साफ कहना था कि मंगलवार देर शाम को दोनों बाइक से केक लेने जा रहे थे। बिना हेलमेट के गाड़ी की गति भी तेज थी। सामने से आ रहे अनियंत्रित लोडर से टकराकर एक की मौत हो गई थी। वहीं दूसरे युवक की दूसरे दिन इलाज के दौरान हुई। लोगों ने घटनास्थल पर लोडर को घेर कर पुलिस को सूचना दे दी थी। परिजनों का आरोप था कि इसके बाद भी मामला अज्ञात में दर्ज किया गया। पुलिस से पूछने पर उन्होंने किसी चौकी में लोडर के खड़े होने की बात कही। कहना था कि अंतिम संस्कार के बाद अगर लोडर पुलिस ने छोड़ दिया होगा तो अफसरों से शिकायत की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Accident In Kanpur: सड़क हादसों में महिला समेत तीन की मौत, एक घायल, जांच में जुटी पुलिस
