Accident In Kanpur: सड़क हादसों में महिला समेत तीन की मौत, एक घायल, जांच में जुटी पुलिस
कानपुर में सड़क हादसों में महिला समेत तीन की मौत हो गई
कानपुर में सड़क हादसों में महिला समेत तीन की मौत हो गई। जबकि एक घायल हो गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू की।
कानपुर, अमृत विचार। कमिश्नरेट के थानाक्षेत्रों में अनियंत्रित गति और लापरवाही लोगों के जीवन पर भारी पड़ रही है। अलग-अलग तीन थानाक्षेत्रों में हुए हादसों में महिला समेत तीन की मौत हो गई वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल को अस्पताल भिजवाया। हादसों में हुईं मौतों के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
पहली घटना-1 : कुत्ते से टकराकर बाइक पलटी, मां की मौत बेटा घायल
नवाबगंज थानाक्षेत्र के मकड़ीखेड़ा की रहने वाली 45 वर्षीय रेनू वर्मा पति कैलाश वर्मा के निधन के बाद किराए पर अपने बेटे आशू के साथ रह रही थी। परिजनों ने बताया कि रेनू घरों में खाना बनाने का काम करती थी। मंगलवार शाम वह बाइक से अपने बेटे आशू के साथ सूर्य विहार जा रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक की गति भी तेज थी। तभी अचानक सामने कुत्ते के आने से टकरा जाने के कारण बाइक पलट गई। जिससे रेनू और आशू घायल हो गए। सिर पर चोट लगने के कारण रेनू की हालत बिगड़ने लगी तो उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां बुधवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद बेटी शालू और गंगोत्री बदहवास हो गईं।
दूसरी घटना-2 : रोड क्रास करते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
कानपुर देहात के नसीरपुर सिकंदरा के रहने वाले 33 वर्षीय गिरीश बाबू कटियार परिवार के साथ गुजैनी थानाक्षेत्र के तात्याटोपे नगर में रह रहे थे। परिजनों ने बताया वह दादानगर की एक फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। बताया कि मंगलवार रात करीब आठ बजे वह गुजैनी पुल पर सड़क क्रास कर रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाजुक हालत में उन्हें हैलट अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी ममता, बच्चे सोनू, विनय और प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल है।
तीसरी घटना-3 : अज्ञात वाहन की टक्कर से फ्लाईओवर पर बाइक सवार की गई जान
चकेरी थानाक्षेत्र के मंगलाविहार निवासी 32 वर्षीय अनूप कुमार प्राइवेट नौकरी करते थे। परिजनों ने बताया कि वह दो दिन पहले अपनी ससुराल महुआ थाना सरसौल गए थे। मंगलवार सुबह वह अपनी बाइक से नौबस्ता किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान हंस मंदिर फ्लाईओवर पर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई। परिजनों के अनुसार हाईवे पर गश्त कर रही डायल 112 पहुंची। इसके बाद एबुंलेंस से उसके शव को हैलट मार्चुरी भिजवाया। नौबस्ता पुलिस के अनुसार जेब में मिले कागजात के आधार पर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। हादसे में मौत के बाद पत्नी रेनू अचेत हो गईं। वहीं दोनों बच्चों का अन्य परिजनों ने ढांढस बंधाया।
ये भी पढ़ें- Kannauj Crime: हिस्ट्रीशीटर का खाली कराया मकान… होगा जमींदोज, प्रशासन ने बनाई सूची
