अमेठी में कोहरा बढ़ने से कई फसलों को नुकसान, चिंतित किसान
लक्ष्मण प्रसाद वर्मा / अमेठी, अमृत विचार। मौसम में बदलाव होने से किसान चिंतित हैं। कोहरे की वजह से जहां वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है, वहीं पाले से फसलों को नुकसान हो सकता है। आलू, सरसों, मटर व अरहर की फसल को लेकर किसानों की चिता बढ़ गई है। पाले के नुकसान से बचाने के लिए किसानों ने फसलों की हल्की सिंचाई करनी शुरू कर दी है।
मौसम में बदलाव की वजह गिरते तापमान और कोहरे, पाले का असर रबी की फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इन दिनों मौसम को लेकर किसान चिंतित हैं। घने कोहरे और पाला पड़ने की संभावना प्रबल है। अगर ऐसे ही पारा गिरता रहा तो इसको सबसे ज्यादा असर रबी सीजन की दलहनी फसलों के साथ ही आलू पर पड़ेगा। तापमान कम होने से मटर, चना और आलू की फसलों पर पाला रोग का खतरा है। रबी की फसलों में पाले का असर पड़ता है।
ये भी पढ़ें -यूपी में कड़ाके की ठंड जारी, जानिये अगले दो दिनों के मौसम का latest update
कृषि वैज्ञानिक ने बताया कि बचाव के लिए किसान गंधक के तेजाब का छिड़काव करें। इससे फसल के आसपास के वातावरण का तापमान बढ़ जाता है। साथ ही पपीते जैसे बागवानी फसलों पर भी पाले का असर पड़ता है, इसलिए प्लास्टिक की सीट से पौधे को ढकने पर अंदर का तापमान बढ़ता ही है। तापमान गिरने की वजह से फसलों में फफूंदजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, आलू की फसल में झुलसा की समस्या हो सकती है और सरसों में ब्लाइट की समस्या हो सकती है। इससे बचाव के लिए मैंकोजेब कार्बेंडाजिम के छिड़काव कर फसलों को बचाया जा सकता है।
पढ़िए फसलों पर पड़ने वाली मौसम की मार पर अमृत विचार से क्या बोले किसान -

कोहरा पड़ने से अभी ज्यादा फसल का नुकसान नहीं हैं। फूल वाली फसलों को कोहरा व पाला से नुकसान होता है। कोहरा ज्यादा बढ़ेगा तो नुकसान संभव है। अभी बहुत ज्यादा नहीं पड़ रहा है। -रमेश कुमार सिंह

जनवरी माह में ठंड बढ़ी है, दलहनी फसलों का उत्पादन कम होगा, कोहरा अभी बहुत ज्यादा नहीं है लेकिन अगर लगातर पड़ेगा तो आलू, सरसों, अरहर आदि फसलों का नुकसान हो जाएगा। -छेदीलाल

रबी की फसल के लिए ठंड भी जरूरी होती है, जिससे उत्पादन अच्छा होता है, लेकिन कोहरा व पाला से फूल वाली फसलों का नुकसान होता है जिससे वो खराब होती है तथा रोग ग्रस्त भी हो जाती है। - मुस्तकीम बघेल

मौसम ठंडा हो गया है कोहरा व पाला न पड़े, वही फसल के लिए फायदेमंद होता है। यदि कोहरा लगातार जारी रहा तो गेहूं को छोड़कर अन्य फसलों का नुकसान होगा। किसानों को परेशानी होगी। -जितेन्द्र सिंह
ये भी पढ़ें -खजुहा झील बाराबंकी : अब यहां नहीं आते प्रवासी पक्षी, नष्ट होता जा रहा है प्राकृतिक सौंदर्य - ये है बड़ी वजह
