अयोध्या: 22 जनवरी को 3.75 लाख किसानों के आंगन में जलेगी श्रीराम ज्योति
प्राण प्रतिष्ठा समारोह से जुड़ेंगे प्रधानमंत्री सम्मान निधि के लाभार्थी किसान भी, सभी 11 ब्लाकों की 835 पंचायतों में रहने वाले किसानों से किया जा रहा आह्वान
अयोध्या, अमृत विचार। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर वैसे तो पूरे देश में राममय वातावरण का सृजन हो रहा है लेकिन मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या जिले के किसान भी इसके साक्षी बनेंगे। 22 जनवरी को होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से लाभांवित करीब 3 लाख 75 हजार किसानों के घर-आंगन में श्रीराम ज्योति प्रज्ज्वलित होगी। इसके लिए लाभार्थी किसानों का आह्वान किया जा रहा है।
कृषि विभाग ने सभी 11 ब्लाकों की 835 पंचायतों में रहने वाले इन लाभार्थी किसानों का आह्वान करने के लिए ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों व कर्मियों को लगाया है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थी ही नहीं अन्य किसानों से भी गोष्ठी, विकसित भारत संकल्प यात्रा व कार्यक्रमों के जरिए आह्वान किया जा रहा है कि सभी किसान अपने घरों पर प्राण-प्रतिष्ठा के दिन शाम को श्रीराम ज्योति जलाकर उत्सव मनाएं।
बता दें कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने भी लोगों को इस उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। ट्रस्ट का कहना है कि लोग आस-पास के मंदिरों में भजन-कीर्तन, सुंदरकांड, हनुमान चालीसा व रामरक्षा स्त्रोत का पाठ करें और प्रसाद वितरण करें।
शाम को दीप मालाएं सजाकर दीपोत्सव मनाएं
पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थी व अन्य किसानों से प्राण-प्रतिष्ठा के दिन शाम को घरों श्रीराम ज्योति जलाने आह्वान किया जा रहा है। इसके लिए ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से भी किसानों का आह्वान करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा विकसित भारत संकल्प यात्रा व अन्य माध्यमों से भी अपील की जा रही है..., ओम प्रकाश मिश्र, जिला कृषि अधिकारी, अयोध्या।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: अम्मा डॉक्टर बाहर की दवा तो नहीं लिख रहे..., डीएम ने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर जानी हकीकत
