Deputy cm visit : दर्जनों एम्बुलेंस जलने की जांच रिपोर्ट न मिलने पर बिफरे ब्रजेश पाठक  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेंहदावल/ संतकबीरनगर, अमृत विचार। वरिष्ठ भाजपा नेता नागेंद्र त्रिपाठी के पैतृक गांव बेलौली में श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने गांव के पंचायत भवन पर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान उन्हें पता चला कि वर्ष 2023 में जिला अस्पताल संतकबीरनगर परिसर में दर्जनों सरकारी एम्बुलेंस जल गई थीं। उन्होंने सीएमओ से पूछा कि एम्बुलेंस कैसे जली तो सीएमओ ने बताया कि मामला मेरे कार्यकाल से पूर्व का है। उन्होंने बताया कि मामले जांच कराई जा रही है। इसपर डिप्टी सीएम ने कहा कि यह तो लापरवाही की पराकाष्ठा है। एम्बुलेंस जलने के महीनों बाद भी जलने के कारणों का पता ही नहीं चल सका है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि एम्बुलेंस जलने के कारणों की रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराइये। इसके अलावा जिला पूर्ति अधिकारी की अनुपस्थिति पर भी डिप्टी सीएम खासे नाराज दिखे। 

पत्रकारों से बातचीत करते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार समूचे देश के सर्वांगीण विकास में जुटी है। आने वाले दिनों में जनपद संतकबीरनगर भी विकास के मामले में देश के समृद्धशाली जनपदों में शुमार हो जाएगा। विकसित भारत के लिए विकसित संतकबीरनगर भी बेहद जरूरी है। जिले में बड़े पैमाने पर औद्योगिक इकाइयों की स्थापना कराकर यहां के नौजवानों को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के साधन उपलब्ध कराए जाएंगे। पाठक ने कहा कि आज का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बन रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की सभी परियोजनाओं का भौतिक परीक्षण किया जा रहा है। जिले में तमाम सड़कों का निर्माण जारी है। विकास के मामले में संतकबीरनगर भी कीर्तिमान स्थापित करेगा। 

होम्योपैथी चिकित्सक की थपथपाई पीठ
समीक्षा बैठक के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक गांव में स्थित होम्योपैथी चिकित्सालय का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां दोपहर दो बजे तक 71 मरीजों का पंजीकरण देख उन्होंने चिकित्सक और कर्मचारियों को शाबाशी दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा सबसे बड़ी सेवा होती है। इस कार्य में पूरी लगन और निष्ठा बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार संकल्पित है। चिकित्सक और कर्मचारी समर्पण भाव से जनता कि सेवा करें। इस मौके पर सांसद प्रवीण निषाद, विधायक अनिल त्रिपाठी, अंकुर राज तिवारी, गणेश चौहान, पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल, भाजपा जिलाध्यक्ष जगदम्बा प्रसाद श्रीवास्तव समेत तमाम लोग मौजूद रहे। 

ये भी पढ़ें -यूपी विधान परिषद की एक खाली सीट पर 29 जनवरी को होगा उपचुनाव, 11 जनवरी से होगा नामांकन

संबंधित समाचार