बरेली: चार दिन तक शीत लहर और घने कोहरे का अलर्ट
सात को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक रहने का पूर्वानुमान
बरेली, अमृत विचार। जिले में अभी ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने अगले चार दिन शीत लहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। सात जनवरी को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक जाने का पूर्वानुमान है। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 15.1 और न्यूनतम दो डिग्री की बढ़ोत्तरी के साथ 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गुरुवार को शीतलहर से लोग कांप रहे हैं। पूरे दिन ठंडी हवा के चलते गलन रही और घना कोहरा और धुंध छायी रही। सुबह 5:30 बजे दृश्यता 25 तो 8:30 बजे 50 मीटर दर्ज की गई। आंचलिक मौसम केंद्र व प्रभारी राज्य कृषि मौसम केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि हवाएं पश्चिम दिशा की ओर से 2-8 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही हैं।
हवा बुधवार के मुकाबले गुरुवार को अधिक रफ्तार में रहीं। उन्होंने बताया कि सात जनवरी को तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा सकती है। साथ ही नौ जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। बारिश के बाद मौसम साफ होने के आसार दिख रहे हैं। इस दौरान औसतन अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने का पूर्वानुमान है।
कोहरा बढ़ने से बढ़ा आलू में झुलसा रोग का खतरा
कई दिनों से कोहरा बढ़ने से आलू की खेती करने वाले किसानों की चिंता बढ़ा दी है। आईवीआरआई के बागवानी व कृषि वैज्ञानिक डाॅ. रंजीत सिंह ने बताया कि आलू में झुलसा रोग का खतरा मंडरा रहा है। इस बीमारी में सबसे पहले पत्तियों पर धब्बे पड़ते हैं। धब्बा दो से चार दिनों में बहुत तेजी से पूरी फसल पर फैल जाता है।
इस बीमारी का असर पौधे के तने के रास्ते आलू के कंदों पर भी जाता है। इससे आलू सड़ने लगते हैं और फसल बर्बाद हो जाती है। किसानों को फसल में नाइट्रोजन यानी यूरिया का प्रयोग कम करना है। इसके अलावा घुलनशील सल्फर दो ग्राम प्रति लीटर की दर से छिड़काव करें। लक्षण दिखाई देते ही फफूंदी नाशक कॉपर ऑक्सिक्लोराइड तीन ग्राम प्रति लीटर या मैनकोजेब दो ग्राम प्रति लीटर की दर से फसल पर छिड़कने से रोकथाम की जा सकती है।
ये भी पढ़ें- बरेली: ठंड में पशुओं के दुग्ध उत्पादन में आठ से दस फीसदी गिरावट
