बदायूं: हजारों जरूरतमंदों को नहीं मिला दीपावली का उपहार, अब मात्र होली पर ही मिलेगा निशुल्क सिलेंडर
बदायूं, अमृत विचार: गैस एजेंसियों और विभाग की लापरवाही के कारण दीपावली पर हजारों जरूरतमंदों को उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले निशुल्क गैस सिलेंडर का लाभ नहीं मिल सका। ई-केवाईसी न होने के कारण लाभार्थी उपहार से वंचित रह गए। अब इन्हें सिर्फ होली पर निशुल्क सिलेंडर मिलेगा। दीपावली पर सिर्फ 34 हजार से अधिक जरूरतमंदों को ही सिलेंडर का लाभ मिल सका। होली पर योजना का लाभ देने के लिए आवेदन शुरू हो गये हैं। इसके लिए लाभार्थियों के लिए स्वयं ही आगे आना होगा।
केंद्र सरकार ने पूर्ति विभाग के माध्यम से जिले के 3.56 लाख से अधिक उज्जवला योजना के पात्रों को निशुल्क दो सिलेंडर दिये जाने आदेश दिया था। उज्जवला के पात्रों के लिए 31 दिसंबर तक संबंधित गैस एजेंसी में अपना आधार कार्ड प्रमाणीकरण (ईकेवाईसी) करानी थी।
यह भी पढ़ें- बदायूं: जिले के वित्त पोषित जूनियर हाई स्कूलों का होगा कायाकल्प
सिलेंडर लेने के बाद सब्सिडी के तौर पर उनके बैंक खाते में धनराशि भेजी जानी है। जिले में सिर्फ 34 हजार 546 उज्ज्वला योजना से जुड़े लोगों की ई-केवाईसी हो सकी और उन्हें निशुल्क में पहले सिलेंडर का मिल गया। लेकिन तीन लाख 21 हजार 809 गरीब योजना के लाभ से वंचित रह गए। अब एक जनवरी से होली उपहार के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। वंचित जल्द से जल्द संबंधित गैस एजेंसी में अपनी ई-केवाईसी कराके दूसरे निशुल्क सिलेंडर का लाभ ले सकते हैं। दीपावली उपहार का लाभ उठाने वालों को होली का तोहफा लेने के लिए मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी।
गैस एजेंसियों के द्वारा उज्ज्वला योजना के संबंध में जानकारी नहीं दी जाती और नहीं वह कभी बैठक में उपलब्ध हो पाते हैं। जिले में तीन लाख लोगों को योजना का लाभ नहीं मिला यह चिंता का विषय है। इसके लिए एजेंसियों द्वारा जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया था। जागरुकता के अभाव में इतने लोग योजना से वंचित रह गये। अब फिर से आवेदन शुरू हो गये हैं। एजेंसी धारकों को प्रचार प्रसार के लिए कहा जा रहा है---रमन मिश्रा, जिला पूर्ति विभाग।
34 हजार से अधिक लोगों को दीपावली का निशुल्क सिलेंडर मिला है। जिनकी ई-केवाईसी नहीं हुई है उन्हें योजना लाभ नहीं मिल सका है। प्रचार प्रसार के माध्यम से लाभार्थियों से केवाईसी कराने को कहा जा रहा है। जिससे उन्हें होली पर निशुल्क सिलेंडर मिल सके---मुकेश कुमार, गैस एजेंसियों के नोडल अधिकारी।
यह भी पढ़ें- बदायूं: सरकार देगी अनुदान, गांवों में बाइक से जाकर बेच सकेंगे मछली...जानिए क्या है योजना?
