बदायूं: जिले के वित्त पोषित जूनियर हाई स्कूलों का होगा कायाकल्प 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

स्कूलों में 19 पैरामीटर पर होगें निर्माण कार्य

DEMO IMAGE

बदायूं, अमृत विचार: परिषदीय स्कूलों के बाद अब वित्तपोषित स्कूलों की काया में परिवर्तन किया जाएगा। उनमें 19 पैरामीटर के तहत निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए शासन स्तर से स्वीकृति दे दी गई है। जिले में 35 वित्तपोषित स्कूलों का संचालन हो रहा है। इन संचालित स्कूलों की स्थिति के संबंध में बीएसए ने संचालकों से ब्योरा मांगा है। उनसे कमरों की संख्या के अलावा उपलब्ध भूमि आदि की सूचना देने को कहा गया है। 

जिले में संचालित सहायता प्राप्त स्कूलों में पांच हजार से अधिक  छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इन स्कूलों में भी बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से छात्र, छात्राओं को एमडीएम के अलावा अन्य सभी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। यहां तैनात शिक्षकों का वेतन भी बेसिक शिक्षा विभाग के माध्यम से मिलता है। लेकिन स्कूल का संचालन प्रबंधन तंत्र की तरफ से होता है।

इन विद्यालयों की आय कम होने और प्रबंध तंत्र की उदासीनता के चलते शौचालय, फर्श और पेयजल समेत अन्य सुविधाएं परिषद की तरफ से संचालित  विद्यालयों की तरफ से उपलब्ध नहीं है। इसे गंभीरता से लेते शासन ने अब इन विद्यालयों को परिषदीय विद्यालयों की तर्ज पर कायाकल्प योजना के संवारा जाएगा। इनमें कायाकल्प के 19 पैरामीटर पर निर्माण कार्य कराया जाएगा।

इसमें विद्यालयों में पर्याप्त फर्नीचर, बालक व बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, दिव्यांग छात्रों के लिए रैंप, फर्श का टायलीकरण, शुद्ध पेयजल समेत अन्य निर्माण कार्य कराए जाने हैं। इसके लिए बीएसए ने सभी स्कूल संचालकों को पत्र जारी कर  उनके कमरों की संख्या, विद्यालय में भूमि की उपलब्धता, शौचालय आदि की स्थिति आदि के बारे में जानकारी मांगी है। विभाग के पास ब्योरा आने के बाद उनमें कार्य कराए जाएंगे।  

जिले में 35 वित्त पोषित स्कूल संचालित हो रहे हैं। इनमें भी बेसिक स्कूलों की तरह ही कायाकल्प के तहत कार्य कराए जाएंगे। शासन से आदेश प्राप्त हो गया है। आदेश मिलने पर स्कूल संचालकों से स्कूलों की स्थिति के संबंध में जानकारी  मांगी  है। जानकारी मिलने पर सूचना शासन को भेज दी जाएगी। उसके बाद इनमें कार्य कराए जाएंगे---स्वाती भारती , बीएसए।

यह भी पढ़ें- बदायूं: सरकार देगी अनुदान, गांवों में बाइक से जाकर बेच सकेंगे मछली...जानिए क्या है योजना?

संबंधित समाचार