अमरोहा : पुलिस मुठभेड़ में तलवार से हमला करने के आरोपी भाई गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एक के पैर में लगी गोली, मोहरका पट्टी में हुआ आमना-सामना, दिल्ली भागने की फिराक में थे आरोपी, दोनों पर महिलाओं से छेड़खानी का आरोप

अमरोहा/गजरौला, अमृत विचार। मंडी धनौरा क्षेत्र में एक दिन पहले छेड़खानी के विरोध पर ग्रामीण पर तलवार से हमला करने के आरोपी दो भाइयों और पुलिस की गुरुवार तड़के गांव मोहरका पट्टी में मुठभेड़ हो गई। पुलिस की फायरिंग में एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया है।

आरोप है कि मंडी धनौरा क्षेत्र के गांव डींगरा निवासी सलमान और शाहनवाज एक दिन पहले महिलाओं और युवतियों से छेड़खानी कर रहे थे। गांव के नौ सिंह ने छेड़खानी का विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी गर्दन पर तलवार से हमला कर दिया था। दोनों आरोपी फरार हो गए थे। घायल नौ सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना से हिंदूवादी संगठन में रोष फैल गया। हिंदूवादी नेता मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की थी। पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। 

 सीओ स्वेताभ भास्कर ने बताया कि दोनों आरोपी दिल्ली भागने की फिराक में थे। गजरौला इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव मोहरका पट्टी के रास्ते पर दोनों को घेर लिया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में सलमान के सीधे पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। आरोपियों के पास से एक तमंचा और एक कारतूस मिला है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा : यातायात पुलिस ने वाहन चलाने वाले नाबालिगों के खिलाफ चलाया अभियान, दी चेतावनी

संबंधित समाचार