पीलीभीत: पुलिस पकड़ने आएगी तो गोली ही चलाई जाएगी...जवाब सुन अफसर भी दंग, सिपाही को गोली मारने का मामला
वैभव शुक्ला/ पीलीभीत, अमृत विचार। पुलिस टीम पर हमला करने की घटना के बाद रंपुरा कोन गांव कुछ ही देर में छावनी में तब्दील हो गया। एक टीम की अगुवाई करते हुए सीओ सिटी अंशु जैन घायल सिपाही का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज कराने में जुटी हुई थीं। वहीं, एसपी भारी पुलिस बल के साथ रंपुरा कोन गांव में फार्म हाउस पर पहुंचकर पड़ताल करने में जुटे हुए थे। फुसलाकर ले जाई गई विवाहिता समेत दो महिला, आरोपी के अन्य परिजन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। एडीजी और आईजी ने भी बाद में घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान एक महिला की कही बात अफसरों को भी हैरान कर गई।
बताते हैं कि पुलिस टीम पर गोली चलाने वाला आरोपी अभिषेक सक्सेना का परिवार खासा संपन्न और रसूखरदार है। पूरनपुर तहसील मुख्यालय से करीब 17 किमी की दूरी पर स्थित रंपुरा कोन गांव में आबादी से बाहर कई एकड़ में फार्म हाउस बना है। उसके चारों तरफ इन्हीं की जगह है। आसपास के कई गांव के लोग भी इन्हीं के यहां मजदूरी करते हैं। शायद यही वजह रही कि घटना के काफी देर बाद भी फार्म हाउस की तरफ जाने से ग्रामीण भी बचते रहे। पुलिस अधिकारियों के पहुंचने के बाद भी कोई खुलकर बोलने को राजी नहीं हो रहा था।

बताते हैं कि जब पुलिस फार्म हाउस पर पहुंची और गेट खोलने के लिए कहा तो पहले एक महिला ने दरवाजा खोला और पुलिस को देख यह कह दिया था कि अभी रुकिए कुत्ते को बांधकर आते हैं। पुलिस की मानें तो इस पर पुलिस भी रुककर इंतजार करने लगी थी। पांच मिनट तक जब दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस टीम ने गेट के आसपास घेराबंदी कर दी। सिपाही अंकित दीवार से झांकने का प्रयास करते हुए भीतर की हलचल लेने की जद्दोजहद में लग गया।
इसी बीच आरोपी ने दरवाजा खोला और एक -एक कर दो फायर कर दिए। जिससे पुलिस कर्मी भी सकते में आ गए। सिपाही शाहरुख के पेट में गोली लगी जबकि अंकित के हाथ में छर्रे लगे। पुलिस टीम घायल सिपाही को संभालने में लग गई और आरोपी भाग गया। हालंकि बाद में मुठभेड़ में पकड़ लिया गया। टीम पर हुए हमले की सूचना मिलने पर कोतवाली पूरनपुर व आसपास के अन्य थानों से भी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। आनन-फानन में घायल सिपाही को सीएचसी पूरनपुर ले जाया गया। वहां से रेफर किए जाने पर निजी अस्पताल भर्ती कराया।
फार्म हाउस पर मिले कुछ श्रमिक भी साध गए चुप्पी
जिस फार्म हाउस पर ये घटनाक्रम हुआ वह आबादी से कुछ दूर एकांत में बना हुआ है। सीओ सिटी अंशु जैन घायल सिपाही शाहरुख के इलाज को लेकर अस्पताल में व्यवस्थाएं संभालने में जुटी हुई थी।उधर, एसपी अतुल शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मौका मुआयना कर रहे थे। फार्म हाउस पर उक्त महिला भी मौजूद थी, जिसे बहला फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसके अलावा कुछ श्रमिक और अन्य लोग भी थे। बताते हैं कि पूछताछ के दौरान उक्त महिला ने ये तक बोल दिया कि जब पुलिस पकड़ने आएगी तो गोली ही चलाई जाएगी। यह जवाब सुनकर पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए। फिर यहां से दोनों महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया गया। आरोपी के पिता, ताऊ समेत अन्य रिश्तेदारों भी पुलिस ने हिरासत में लेकर कोतवाली में बैठा लिए।
एडीजी, आईजी देर रात तक जमाए डेरा, घटनास्थल भी देखा
पुलिस टीम पर हमले की सूचना मिलने पर बरेली से एडीजी पीसी मीना और आईजी डॉ.राकेश कुमार पीलीभीत आ गए थे।पहले वह घायल सिपाही के स्वास्थ्य का हालचाल लेने शहर के निजी अस्पताल पहुंचे। इसके बाद उन्होंने रंपुराकोन गांव पहुंचकर घटनास्थल का भी मुआयना किया। पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की गहनता से जानकारी करने के साथ ही सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। कोतवाली में भी अफसर पहुंचे जहां पहले से एसपी मौजूद थे। देर रात तक एडीजी और आईजी भी डेरा जमाए रहे।
पुलिस ने बंद कराए कैमरे, हटवाती रही भीड़
मेडिकल कॉलेज, निजी अस्पताल और रंपुरा कोन गांव में आरोपी के फार्म हाउस पर भारी पुलिस बल मुस्तैद हो चुका था। मीडियाकर्मियों के अलावा कुछ अन्य लोग भी जमा हो गए थे। ऐसे में पुलिस सभी को कार्रवाई के दौरान हटाती रही। घटनास्थल और मेडिकल कॉलेज में आरोपी के एंबुलेंस से पहुंचने पर जब मीडियाकर्मियों ने वीडियो बनाना चाहा तो उनके कैमरे भी पुलिस बंद कराती रही। हालांकि ये भी आश्वस्त किया जाता रहा कि कुछ देर में अफसर घटनाक्रम को लेकर ब्रीफ करेंगे।
सिपाही के परिजन का रोकर बुरा हाल
हमले की सूचना मिलने पर घायल सिपाही शाहरुख के परिवार वाले भी निजी अस्पताल पहुंच गए थे। सिपाही को देख उनका रोकर बुरा हाल रहा। उन्हें अन्य पुलिसकर्मी संभालने में जुटे रहे। यह भी बताया कि सिपाही की हालत खतरे से बाहर हैं। उसका ऑपरेशन के बाद पूरी तरह से ठीक हो जाएगा।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: दबिश देने गई पुलिस टीम पर आरोपी ने चलाई गोली, सिपाही घायल
