पीलीभीत: दबिश देने गई पुलिस टीम पर आरोपी ने चलाई गोली, सिपाही घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: करीब एक माह पूर्व दर्ज किए गए विवाहिता को बहला फुसलाकर ले जाने के मामले में आरोपी के घर दबिश देने गई कोतवाली पुलिस पर हमला कर दिया गया। दरवाजा खोलते ही पुलिस जब आरोपी को पकड़ने के लिए आगे बढ़ी तो एक-एक कर दो गोली चला दीं। जिसमें गोली एक सिपाही के पेट में जा लगी।

घटनास्थल से फरार आरोपी को पुलिस ने बाद में मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके भी दाएं पैर में गोली लगी है। सिपाही को निजी अस्पताल जबकि आरोपी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बरेली से पहुंचे एडीजी और आईजी ने घटना की जानकारी जुटा सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

सदर कोतवाली में पूरनपुर के एक व्यक्ति ने सात दिसंबर को धारा 366 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें मोहल्ला गनेशगंज पूर्वी निवासी अभिषेक सक्सेना को आरोपी बनाया था। जिसमें बताया था कि उसकी विवाहित पत्नी को शहर के नेहरू पार्क के पास से आरोपी बहला फुसलाकर ले गया है।  

पुलिस मामले की विवेचना कर रही थी। इस बीच सुराग मिला कि विवाहिता को लेकर आरोपी पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रंपुरा कोन में अपने फार्म हाउस पर रुका हुआ है। सदर कोतवाली से दरोगा सुभाष चंद्र, सिपाही शाहरुख, महिला सिपाही राधा गुरुवार देर शाम पूरनपुर गए। कोतवाली पूरनपुर से सिपाही  अंकित को साथ लिया और फिर रंपुरा कोन गांव स्थित फार्म हाउस पर दबिश दे दी।

मकान का दरवाजा खुलने पर पुलिस वहां मौजूद आरोपी को पकड़ने के लिए आगे बढ़ी। इस पर एक-एक कर दो गोली चला दीं । एक गोली सिपाही शाहरुख के पेट में लगी, जबकि सिपाही अंकित के हाथ में भी छर्रे लगे। फिर साथ गए पुलिसकर्मियों ने घायल सिपाही शाहरुख को संभालते हुए बचाव किया। उधर, आरोपी भाग निकला।

आनन-फानन में घायल सिपाही को पूरनपुर सीएचसी ले जाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया।  सिपाही को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  उधर, कुछ देर बाद ही पुलिस ने घटनास्थल से कुछ  दूरी से ही आरोपी अभिषेक को मुठभेड़ के बाद धर दबोचा। उसके पैर में गोली लगी है। सीएचसी पूरनपुर में प्राथमिक इलाज के बाद आरोपी को मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया है।

एडीजी बरेली पीसी मीना, आईजी डॉ.राकेश सिंह भी रात को ही पीलीभीत आ गए। पहले निजी अस्पताल पहुंचकर घायल सिपाही के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी की और फिर पूरनपुर गए।  वहीं अधिकारियों को प्रकरण में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

एक महिला की बरामदगी के लिए पुलिस टीम ने पूरनपुर क्षेत्र में दबिश दी थी। आरोपी ने अचानक फायरिंग कर दी। जिसमें एक सिपाही घायल हुआ है। उसका इलाज चल रहा है, जोकि खतरे से बाहर है। मुख्य आरोपी को भी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका है। कार्रवाई कराई जा रही है--- डॉ.राकेश सिंह, आईजी, बरेली।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: डीपीआरओ, लिपिक और कंसल्टिंग इंजीनियर पर जानलेवा हमले की FIR, 3 जनवरी को विकास भवन में हुई थी मारपीट

संबंधित समाचार