सिराज अहमद के FI हॉस्पिटल पर चला बुलडोजर, एलडीए और पुलिस के आलाधिकारी रहे मौजूद
लखनऊ। यूपी के माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी बिल्डर सिराज अहमद के एफ आई हॉस्पिटल पर लखनऊ विकास प्राधिकरण की बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो गई है। एलडीए ने शुक्रवार से 4 मंजिला अस्पताल को गिराना शुरू कर दिया है। एलडीए की ओर से एफ आई हॉस्पिटल की बिल्डिंग को 3 बुलडोजर से गिराया जा रहा है।
वहीं मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी मौजूद है। बता दें कि एफ आई हॉस्पिटल बिल्डर सिराज अहमद का है। जो कि माफिया मुख्तार अंसारी का करीबी माना जाता है। लखनऊ विकास प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि बर्लिंग्टन चौराहा स्थित इस बिल्डिंग को बिल्डर ने पार्क की जमीन पर कब्जा करके अस्पताल बनवाया था। वहीं इस बिल्डिंग का नक्शा भी पास नहीं हुआ था।
बताया जा रहा है कि हॉस्पिटल के बिल्डिंग की कीमत करीब 50 करोड़ रुपए है। दरअसल, बिल्डिंग में गड़बड़ी सामने आने के बाद एलडीए ने पहले सिराज अहमद के बनाए एफ आई हॉस्पिटल को सील कर दिया था। लखनऊ विकास प्राधिकरण के वीसी इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि 5 दिसंबर को हॉस्पिटल को नोटिस दिया गया था। ठीक 30 दिन बाद यानी 5 जनवरी को हमारी टीमें अस्पताल को तोड़ रही हैं।
वहीं इसके बगल में बने एफ आई टावर में भी अवैध निर्माण को लेकर भी एलडीए ने कार्रवाई करते हुए बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में बने 3 अवैध फ्लोर को गिरा दिया। जिसमें करीब 24 फ्लैट और 2 पेंटहाउस बनाए गए थे। वहीं नोटिस के एक महीने बाद एलडीए अस्पताल पर बुलडोजर कार्रवाई कर रहा है। फिलहाल, एलडीए की नोटिस के बाद से यह अस्पताल बंद था। खबरों के मुताबिक यहां रोजाना 250 से 300 मरीज इलाज के लिए पहुंचते थे
