बदायूं: प्रसव के दौरान महिला की मौत मामले में चिकित्सक पर रिपोर्ट दर्ज
दो जनवरी को प्रसव के दौरान हुई थी, महिला के पिता की तहरीर दर्ज हुई रिपोर्ट
बदायूं,अमृत विचार : निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत हो गई थी। महिला के परिजनों ने हंगामा करके चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो पेट में खून भरा मिला था। आशंका है कि नस कटने की वजह से पेट में खून भरा होगा। महिला के पिता ने तहरीर दी। पुलिस ने चिकित्सक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जिला बरेली के थाना आंवला क्षेत्र के गांव भुर्जी टोला निवासी उमेश चंद्र शर्मा ने पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमें उन्होंने बताया कि जिला संभल के कस्बा बहजोई के मोहल्ला काली मंदिर निवासी उनकी बेटी शिवानी शर्मा को प्रसव पीड़ा हुई थी। वह अपने दामाद सुमित कुमार के साथ शिवानी शर्मा थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के ओरछी चौराहा स्थित सृष्टि मेडिकेयर सेंटर लेकर आए थे।
2 जनवरी को दोपहर 3 बजे प्रसव के लिए भर्ती कराया था। चिकित्सक ने अपनी फीस जमा करा ली थी। एक घंटे के बाद शिवानी शर्मा का ऑपरेशन कर दिया जबकि अस्पताल में ऑपरेशन की सुविधाएं नहीं थीं। न तो एनेथीसिया का चिकित्सक, न वेंटीलेटर था। आरोप लगाया कि इस अस्पताल में मरीजों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। चिकित्सक ने शिवानी शर्मा का ऑपरेशन गलत तरीके से कर दिया।
चिकित्सक डॉ. सविता वार्ष्णेय ने ऑपरेशन के बाद शिवानी शर्मा को अस्पताल से बाहर निकाल दिया और कहा कि अब उनके बस का नहीं है लेकिन उस समय शिवानी की मौत हो चुकी थी। जिसके बाद चिकित्सक और स्टाफ ने उमेश चंद्र शर्मा और उनके दामाद व अन्य लोगों से अभद्रता की। पुलिस ने चिकित्सक सविता वार्ष्णेय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष वेदपाल सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई थी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आगे की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें - बदायूं: सरकार से अनुदान पर लेकर ड्रोन उड़ाएंगी महिलाएं
