सुल्तानपुर में बारिश से बढ़ी ठंड, किसानों को सता रही ये चिंता
सुल्तानपुर, अमृत विचार। तीन दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गयी है। शुक्रवार दोपहर बाद शहर में अचानक काले बादल छा गए और थोड़ी ही देर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। वहीं, ग्रामीणांचल में हो रही बरसात से अब फूल वाली फसलों के लिए किसान चिंतित हो गए हैं। शुक्रवार को दोपहर बाद अचानक अंधेरा छा गया। लोग वाहनों में लाइट जलाकर चलने लगे। इसी बीच अचानक गरज के साथ तेज बरसात होने लगी। करीब घंटे भर हुई तेज बरसात से शहर में जगह-जगह जलजमाव की स्थिति बन गई।
पखवारे भर से पड़ रही कड़ाके की ठंड और कोहरे से जनजीवन बेहाल है। बारिश ने कोढ़ में खाज का काम किया है। लगातार खराब मौसम से फसलों को भी नुकसान होने लगा है। खराब मौसम से दलहन और तिलहन की फसलों को नुकसान होना तय है। किसान नवंबर में ही सरसों की बोआई कर दिए हैं। जिसमें फूल के साथ फल भी लग चुके हैं। अरहर की फसल भी फल चुकी है। ऐसे में बेमौसम की बारिश से तिलहन व दलहन फसलों के फूल झड़ रहे हैं। जिससे उपज प्रभावित होगी। आलू की फसल पर झुलसा रोग का प्रकोप हो रहा है। इससे किसान हताश हैं।
.jpg)
कल भी हो सकती है बारिश
आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार को अधिकतम तापमान 16.5 तो न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 95 तो न्यूनतम 69 प्रतिशत रही। वहीं, हवा की गति दो किमी प्रति घंटा रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग की मानें तो आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने एवं अधिकतर स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। हवा सामान्य गति से मुख्यतः पश्चिमी चलने एवं औसत तापमान सामान्य के आसपास रहने के आसार हैं।
