लखीमपुर खीरी: नगर के 100 आंगनबाड़ी केंद्रों में हाटकुक्ड बनाने की नहीं हो पाई शुरुआत
खाना बनाने के लिए बर्तन, रसोई गैस समेत संसाधनों की नहीं हो पाई खरीद
अमित गुप्ता/लखीमपुर खीरी,अमृत विचार। आंगनबाड़ी केद्रों में बच्चों के लिए शुरू की गई हाटकुक्ड योजना अभी लखीमपुर नगर क्षेत्र में चालू नहीं हो पाई है। नगर पालिका परिषद लखीमपुर क्षेत्र में कुल 100 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जिनमें खाना बनाने के लिए बर्तन, रसोई गैस समेत अन्य संसाधनों की अभी तक व्यवस्था नहीं हो पाई है। इससे 2347 बच्चे प्रभावित हो रहे हैं। यह व्यवस्थाएं नगर पालिका परिषद लखीमपुर के ईओ द्वारा की जानी हैं, जिन्होंने बर्तन, रसोई गैस की खरीद करने में दो माह बिता दिए, फिर भी नतीजा सिफर है।
सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में हॉटकुक्ड योजना लागू करने के लिए सरकार ने नवंबर 2023 में बजट जारी कर दिया था और एक दिसंबर 2023 से सभी केंद्रों में हॉटकुक्ड बनाने की शुरूआत करने के निर्देश दिए थे। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों के द्वारा ग्राम निधि से खाना बनाने के लिए बर्तन, रसोई गैस आदि की खरीद की गई है। जबकि नगर क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों में हॉटकुक्ड बनाने के लिए आवश्यक बर्तनों व रसोई गैस की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी नगर पालिका परिषद लखीमपुर को सौंपी गई है।
नवंबर के बाद दिसंबर बीत गया और जनवरी 2024 के पांच दिन भी बीत गए, लेकिन अभी तक नगर क्षेत्र के 100 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए बर्तन, रसोई गैस आदि की खरीद नहीं हो पाई है। इससे शहर के एक भी आंगनबाड़ी केंद्र में हॉटकुक्ड योजना की शुरूआत नहीं हो पाई है। सूत्रों की माने तो नगर पालिका के अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों में हॉटकुक्ड योजना के संचालन को गंभीरता से नहीं लिया और समय से बर्तनों व रसोई गैस खरीदने के लिए प्रयास ही शुरू नहीं किए, जिसका नतीजा है कि अभी तक एक भी आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को हॉटकुक्ड नहीं मिल पा रहा है।
सीडीपीओ पूजा त्रिपाठी ने बताया कि शहर के 100 आंगनबाड़ी केंद्रों में तीन से छह वर्ष आयु तक के कुल 2347 बच्चे पंजीकृत हैं, जिन्हें हॉटकुक्ड नहीं मिल पा रहा है। अभी इसका भी पता नहीं है कि कब तक आंगनबाड़ी केंद्रों को बर्तन व रसोई गैस उपलब्ध हो पाएगी, क्योंकि नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी संजय कुमार ने बताया है कि अभी टेंडर प्रक्रिया चल रही है। इसमें अभी कुछ और समय लग सकता है, जिससे जनवरी में भी शहर के आंगनबाड़ी केंद्रों को बर्तन व रसोई गैस मिलने की संभावनाएं कम नजर आ रही हैं।
नगर क्षेत्र के 100 आंगनबाड़ी केंद्रों में अभी हॉटकुक्ड योजना की शुरूआत नहीं हो पाई है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में शुरूआत दिसंबर 2023 में कर दी गई थी। नगर क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों में बर्तन व रसोई गैस नगर पालिका परिषद लखीमपुर द्वारा उपलब्ध कराई जानी है। ईओ से वार्तालाप के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को शीघ्र बर्तन व रसोई गैस उपलब्ध कराने के लिए अनुरोध किया गया है-भारत प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: हत्यारोपी के घर बुलडोजर लेकर पहुंची पुलिस, हड़कंप
