बरेली: तबादले के बाद भी दस्तावेज नहीं देने पर फंसे पांच सचिव, रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी
डीएम के आदेश पर डीपीआरओ ने सहायक विकास अधिकारियों को कार्रवाई के दिए निर्देश
बरेली, अमृत विचार। जिले की अलग-अलग ग्राम पंचायतों की कमान संभाल रहे सचिवों का तबादला हो जाने के बाद भी प्रतिस्थानी को दस्तावेज नहीं उपलब्ध कराने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। मामले में पांच सचिवों पर एफआईआर कराने की तैयारी है। इस संबंध में डीपीआरओ ने सहायक विकास अधिकारियों को आदेश जारी किए हैं।
डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत सचिव अंकित कुमार ने ठिरिया ठकुरान, सत्यप्रकाश ने ढकिया ठाकुरान, कुतुबपुर, मानपुर, मवई, जरैल, रुस्तमनगर, अमित प्रकाश ने हुरहुरी, सिंगरा, दिविना, पहुंचा बुजुर्ग व श्यामाचरन ने धौरेरा व सतुईया, चंद्रपाल सिंह ने मोहनपुर, कनमन व गुलड़िया से स्थानांतरित होने के बाद भी प्रतिस्थानी को चार्ज नहीं दिया।
मुख्य सचिव ने 1 दिसंबर 2017 को जारी शासनादेश में कहा है कि अगर स्थानांतरण के सात दिन में कोई अधिकारी चार्ज नहीं देता है तो उसके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की जाए। वहीं, 27 दिसंबर को डीएम ने ऐसे मामलों की समीक्षा की थी, जिसमें उन्होंने कडे़ निर्देश देते हुए कहा था कि जो सचिव समय पर अभिलेख नहीं देते हैं, उन पर एफआईआर दर्ज करा दी जाए। डीएम के आदेश के अनुपालन में सहायक विकास अधिकारियों को पांचों सचिवों पर एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: आठ किलो अफीम के साथ युवक गिरफ्तार, कीमत एक करोड़ से अधिक
