Chitrakoot: महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ आगाज, प्रयागराज ने मेरठ को हराया, कप्तान तनु को खिताब..
चित्रकूट में महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज हुआ।
चित्रकूट में सुभाष चैलेंज कप के तहत शनिवार को राज्यस्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू हुआ। उद्घाटन मैच में प्रयागराज की टीम ने मेरठ की टीम को हरा दिया है।
चित्रकूट, अमृत विचार। सुभाष चैलेंज कप के तहत शनिवार को राज्यस्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू हुआ। उद्घाटन मैच में प्रयागराज की टीम ने मेरठ की टीम को हरा दिया।
मेरठ की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 15 ओवर में पांच विकेट खोकर 94 रन बनाए। नेहा ने 27 गेंदों में 25 और अनन्या ने 38 गेंदों में 34 रन बनाए। प्रयागराज की ओर से रिया और तनु ने उल्लेखनीय गेंदबाजी की। प्रयागराज की टीम ने 13.4 ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
तनु ने 50 गेंदों में 58 रन और ज्योति ने 24 गेंदों में 16 रन का योगदान किया। मेरठ की खिलाड़ी छाया और रीता ने गेंदबाजी से दर्शकों को प्रभावित किया। प्रयागराज ने इस मुकाबले को आठ विकेट से अपने नाम किया। प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब प्रयागराज की कप्तान तनु को मिला।
इसके पूर्व सदर विधायक अनिल प्रधान, एसडीएम मो. जाशीन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। अंपायर की भूमिका समसुद्दीन खान और ऋषि यादव ने निभाई। मैच के आयोजन में विजय, सौरभ नाहर, समसुद्दीन, लोकेश सिंह, कमलेश परिहार, रामचंद्र कुरील, आनंद, ऋषि यादव, करन पटेल, रानू, हिमांशु नाहर, अनुराग आदि का योगदान रहा।
