लखनऊ : सीपीआर देने का सही तरीका बतायेगी डिवाइस, दिल का दौरा पड़ने पर आयेगी काम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। चिकित्सा विज्ञान और इंजीनियरिंग के एक साथ काम करने से कई लोगों की जिंदगी समय रहते बचाई जा सकती है। यह सच कर दिखाया है किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय और आईआईटी कानपुर के संयुक्त प्रयास ने। करीब एक साल पहले शुरू हुआ स्कूल ऑफ इंटरनेशनल बायोडिजाइन- सिनर्जाइजिंग हेल्थकेयर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (SIB SHinE) फेलोशिप कार्यक्रम का असर अब दिखने लगा है। श्रेया नायर, आदित्य, सुमित वैश्य, मोहम्मद जाहिद, शुभब्रत सरकार, वल्ली देवी बोला, ओमप्रकाश आर, पृथु प्रसाद और कुशाग्र अस्थाना के इनोवेशन से मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।

दरअसल, बीते साल एसआईबी साइन फेलोशिप प्रोग्राम के तहत चुने गये छात्रों ने ऐसे उपकरण तैयार किये हैं। जिससे मरीजों को बेहतर इलाज देने की न सिर्फ राह आसान होगी बल्कि समय रहते उनकी जान को भी बचाया जा सकेगा।

आदित्य राज भाटिया भी उन 9 छात्रों मे शामिल रहे हैं। जो स्कूल ऑफ इंटरनेशनल बायोडिजाइन- सिनर्जाइजिंग हेल्थकेयर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (SIB SHinE) फेलोशिप कार्यक्रम का हिस्सा रहे हैं। आदित्य राज भाटिया ने सीपीआर प्रयास (सीपीआर ऑडियो फीडबैक डिवाइस ) नाम की एक ऐसी डिवाइस बनाई है। यह डिवाइस सीपीआर देने का सही तरीका बतायेगी। छोटी सी यह डिवाइस जरूरत पड़ने पर लोगों को जान बचा सकती है। यह डिवाइस सीपीआर का प्रशिक्षण देने में भी काम आयेगी। इस डिवाइस को लेकर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने भी कहा है कि यह बहुत ही आवश्यक उपकरण है। इससे अचानक से दिल का दौरा पड़ने और उससे होने वाली मौतों को रोका जा सकता है। 

आदित्य ने अमृत विचार के साथ हुई बातचीत में बताया कि केजीएमयू की प्रो.उर्वशी और आईआईटी कानपुर के प्रो रामकुमार के सहयोग से इस डिवाईस को बनाया गया है।

बता दें कि साल 2022 में स्कूल ऑफ इंटरनेशनल बायोडिजाइन- सिनर्जाइजिंग हेल्थकेयर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (SIB SHinE) फेलोशिप कार्यक्रम को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (IIT कानपुर) और किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी लखनऊ (KGMU लखनऊ) ने मिलकर शुरू किया था। इस कार्यक्रम के तहत इंजीनियरिंग और मेडिकल क्षेत्र के विशेषज्ञों को एक साथ लाना था । जिससे नए आविष्कार हो सके और इसका फायदा आम लोगों को मिल सके।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा बोले- भारत में आविष्कार की क्षमता, 2014 के बाद बदला माहौल

संबंधित समाचार