बुलंदशहर: छात्र ने फंदा लगाकर दी जान, प्राचार्य समेत दो गिरफ्तार
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के आहार क्षेत्र में विद्यालय प्रबंधन के कथित उत्पीड़न से तंग आकर एक छात्र ने फांसी लगा कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। इस मामले में प्राचार्य समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अनूपशहर पूर्णिमा सिंह ने सोमवार को बताया कि स्वामी महानंद ब्रह्मचारी संस्कृत विद्यालय में कक्षा नौ के छात्र गगन शर्मा (15) का शव रविवार को गुरुकुल से कुछ दूरी पर एक पेड़ पर लटका मिला। मृतक छात्र मेरठ के थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र के ग्राम समसपुर असिफाबाद का निवासी था।
मृतक छात्र के पिता ईश्वर दत्त शर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गुरुकुल के प्रधानाचार्य तुलसीराम और आचार्य कमल शर्मा उनके पुत्र को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।उत्पीड़न से त्रस्त होकर ही गगन ने फांसी लगाई है। आहार थाने मे मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने प्राचार्य एवं आचार्य को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, कोहरे में रास्ता भटक गया था ग्रामीण
