लखनऊ: मायावती के आरोप पर बोले अखिलेश यादव- सुरक्षा का डर है तो बीजेपी के बुलडोजर से तुड़वा दें पुल, video
लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने 28 साल पहले हुए गेस्ट हाउस कांड का जिक्र करते हुए कहा कि सपा के घिनौने कृत्य को कोई अभी भूला नहीं है। साथ ही मायावती ने खुद को और बसपा पार्टी दफ्तर को सपा से खतरा बताया है। इसको लेकर मायावती ने यूपी की मौजूदा सरकार से बसपा पार्टी दफ्तर को किसी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है।
वहीं मायावती के इन आरोपों को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बसपा प्रमुख बीजेपी से मिली हुई हैं। वो चाहती हैं तो पुल को तुड़वा दें..। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि अगर उनको लगता है कि उनकी सुरक्षा को खतरा है तो भारत सरकार को वो चिट्ठी लिखें। भारत सरकार में बीजेपी की सरकार है और बीजेपी की सरकार के पास तमाम बुलडोजर हैं। बीजेपी के लोग मायावती की बात मानेंगे तो वो तुरंत बुलडोजर लाकर तोड़ देंगे।
बता दें कि सोमवार को बसपा सुप्रीमो मायावती ने अखिलेश यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि सपा ने अपनी सरकार के दौरान बसपा प्रदेश कार्यालय के बगल ऊंचा पुल बनाने का काम किया है। ऐसे में अराजक तत्व बसपा के कार्यकर्ताओं और बसपा राष्ट्रीय प्रमुखों को हानि पहुंचा सकते है।
वहीं इससे पहले बीती रविवार को भी उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव को खुद के गिरेबान में झांकने की नसीहत दी थी। दरअसल, इंडिया गठबंधन में शामिल होने को लेकर सपा बसपा में जुबानी जंग का दौर बढ़ता जा रहा है। जहां एक ओर मायावती गठबंधन से दूरी बनाने की बात करती हैं तो वहीं दूसरी ओर अखिलेश यादव लगातार बसपा को लेकर तंज कसते रहते हैं।
लखनऊ: मायावती के आरोप पर बोले अखिलेश यादव- सुरक्षा का डर है तो बीजेपी के बुलडोजर से तुड़वा दें पुल, देखें video pic.twitter.com/kThfhcI6Qz
— Amrit Vichar (@AmritVichar) January 8, 2024
यह भी पढ़ें: लखनऊ: अपने गढ़ की विरासत संभालने के साथ दो सीटों से ताल ठोकेंगे अखिलेश!
