Fatehpur: युवक की हत्या कर नदी में फेंका था शव, परिजनों ने अंतिम-संस्कार से किया इंकार, ये मांग की
फतेहपुर में युवक की हत्या करने के मामले में परिजनों ने अंतिम-संस्कार से इंकार किया।
फतेहपुर के ललौली क्षेत्र में युवक की हत्या कर यमुना नदी में शव फेंका था। परिजनों ने अंतिम-संस्कार करने से इंकार कर दिया। परिजनों ने हत्यारोपियों के घर बुलडोलर चलवाने की मांग की है।
फतेहपुर, अमृत विचार। एक युवक का अपहरण करने के बाद हत्या कर शव यमुना नदी में फेंक दिया गया था। जिसके शव को पुलिस ने छह जनवरी को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर घर पहुंचे परिवार के लोगों ने हत्या करने वाले आरोपियों के घर को बुलडोजर से गिराने के साथ डीएम और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग के साथ अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया। वहीं बाद में आश्वासन पर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
ललौली थाना क्षेत्र के उरौली गांव के रहने वाले डेयरी संचालक राजेन्द्र साहू का पुत्र 18 वर्षीय आशीष कुमार 28 दिसंबर के दिन घर से कुछ दूर पर अपने दूसरे घर पर सोने गया था। उसके बाद घर वापस नहीं आया और गायब हो गया था। पिता राजेन्द्र साहू ने 29 दिसंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई और पांच जनवरी को नामजद अपहरण कर हत्या का मामला दर्ज कराया था।
पुलिस ने रणविजय सिंह उर्फ पुत्तन और उसके पुत्र विपिन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार करते हुए दोनों के निशानदेही पर यमुना नदी के राम नगर कौहन घाट से छह जनवरी की शाम को शव बरामद किया था। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। सात जनवरी को पोस्टमार्टम होने के बाद परिवार के लोग शव लेकर शाम को पहुंचे थे।
सोमवार को पिता राजेन्द्र साहू के साथ परिवार के अन्य लोगों ने आरोपियों का घर बुलडोजर से गिराने के बाद लूट की धारा बढ़ाने की मांग की है। परिजनों ने डीएम और एसपी को मौके पर नहीं आने तक और आरोपियों का घर बुलडोजर से गिराने के बाद अंतिम संस्कार की बात कही। वहीं बाद में सीओ जाफरगंज के पहुंचने और आश्वासन देने के बाद दोपहर बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
प्रेम प्रसंग की बात से इंकार
मृतक के परिवार के लोगों ने बेटे के प्रेम प्रसंग की बात से इंकार किया है। 90 हजार रुपए लूट की बात कही। सूचना पर थाना पुलिस और जाफरगंज डीएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गांव में भारी संख्या में पुलिस और पीएसी बल को तैनात किया गया। इस मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या की गई थी। दोनों नामजद पिता पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें- UP: विशेष प्रजाति का उल्लू अचानक एक घर में पहुंचा, बच्चे, बूढ़े, जवान से लेकर देखने वालों की लगी भीड़, देखें- VIDEO
