संभल : 63.71 करोड़ से बिछेगा सड़कों का जाल, जिले में होगा 196 सड़कों का निर्माण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीडब्ल्यूडी विभाग के प्रस्ताव को शासन से मिली स्वीकृति, कई क्षेत्रों में शुरू हुआ सड़क बनाने का काम, सफर में मिलेगी सहूलियत, हादसे भी होंगे कम

संभल, अमृत विचार। वर्ष 2024 में जिले की तस्वीर बदली हुई नजर आएगी। तीनों तहसील क्षेत्रों में शासन से 196 सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने काम भी शुरू करा दिया है। सड़कों के निर्माण में 63.71 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। सड़कों के बनने से सफर में लोगों को सहूलियत मिलेगी और हादसों में भी कमी आ सकेगी।

सड़कों की हालत बेहद खस्ता होने के कारण ग्रामीण इलाकों में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों में गड्ढे होने से हादसे भी हो रहे हैं। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए पीडब्ल्यूडी विभाग ने शासन को सड़कों निर्माण कराने से संबंधित प्रस्ताव भेजा था। जिसे शासन ने स्वीकृति देते हुए 63.71 करोड़ रुपये का बजट भी जारी कर दिया है। इनमें संभल, चंदौसी और गुन्नौर तहसील क्षेत्र की 196 सड़कें शामिल हैं। पीडब्ल्यूडी विभाग ने कई क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण शुरू करा दिया है, जबकि कई इलाकों में जल्द ही काम शुरू करने का प्लान बना लिया गया है। 

बात सड़कों की करें तो संभल तहसील क्षेत्र में ओबरी से खासपुर, सैदपुर इम्मा, सीडलमाफी, शाहपुर डसर से पैंतिया, रतपुरा संपर्क पार्क, चंदवार की मढ़ैया, गम्मनपुरा, ऐंचौड़ा कम्बोह से नारंगपुर आदि सड़कों का निर्माण होना है। वहीं गुन्नौर तहसील क्षेत्र में भिरावटी-गवां होते हुए निजामपुर, मुबारकपुर से रोराद्वीप, मिर्जापुर से सिमरई, गुन्नौर गोंठना से रायपुर, चंदौसी तहसील क्षेत्र में रझावली से पानीवाड़ा, छाबड़ा धन्नूपुरा मार्ग से शहबाजपुर, छाबड़ा धन्नूपुरा से चमरौआ, टोडरपुर की मिलक की सड़कें बननी हैं।

253 किलोमीटर सड़कों के निर्माण को मिली मंजूरी 
संभल। पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता अर्शी महताब ने बताया कि शासन ने 253 किलोमीटर सड़क निर्माण को स्वीकृति दी है। बजट मिलने के बाद सड़कों का निर्माण शुरू करा दिया गया है। जल्द ही उन क्षेत्रों में भी काम शुरू होगा, जहां अभी तक नहीं हुआ है। सड़कों का निर्माण होने से यातायात सुचारू रखने में सहूलियत मिलेगी।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : सर्दी से ठिठुर रहे लोग, हल्की बारिश का अनुमान जता रहे मौसम वैज्ञानिक

संबंधित समाचार