बदायूं: सिर में गोली मारकर हुई थी एटा निवासी युवक की हत्या
बदायूं, उसहैत,अमृत विचार : थाना उसहैत क्षेत्र में सड़क किनारे मिले शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जिसमें सिर में गोली मारकर युवक की हत्या होने की पुष्टि हुई है। उसका पैर भी विक्षत था। अंदेशा है कि कोई जानवर पैर नोंचकर गया होगा। जैथरा थाना पुलिस ने शव मिलने वाले स्थान का मुआयना किया। जैथरा थाने में युवक की गुमशुदगी हत्या में तरमीम करेगी। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद युवक के परिजनों ने जमीन की रंजिश के चलते उसकी हत्या का आरोप लगाया है।
रविवार देर शाम थाना उसहैत क्षेत्र के गांव खेड़ा जलालपुर से कटरा सहादतगंज मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे गन्ने की पतेल की ओट में युवक का शव मिला था। युवक शिनाख्त जिला एटा के थाना जैथरा क्षेत्र के गांव लहचोरा निवासी दिलीप (28) पुत्र देशराज के रूप में हुई थी। उसहैत पुलिस की सूचना पर युवक के परिजन रात में ही पहुंच गए। सोमवार को उसहैत पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
जिसमें सिर में गोली लगने की वजह से मौत की बात सामने आई है। मृतक के भाई राजू ने बताया कि दिलीप फास्ट फूड का ठेला लगाता था। कुछ दिन पहले उसने सेकेंड हैंड ईको कार खरीदी थी। जो किराए पर ले जाता था। दिलीप के पास चार जनवरी को किसी का फोन आया था। फर्रूखाबाद जाने के लिए कार बुक की थी।
रात लगभग 10 बजे दिलीप ने अपने रिश्तेदार को फोन करके फर्रूखाबाद क्षेत्र के गांव ढाकन गढ़िया गांव के बारे में जानकारी की। रिश्तेदार ने फर्रूखाबाद में इस नाम का गांव न होने की बात कही। जिसके बाद दिलीप का फोन बंद हो गया। परिजनों ने फोन किया तो उसका मोबाइल नंबर बंद आ रहा था। अगले तीन परिजनों ने थाना जैथरा में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
राजू ने बताया कि साढ़े चार बीघा जमीन को लेकर दिलीप के पिता देशराज का दूसरे पक्ष से मुकदमा चल रहा है। देशराज की मौत के बाद दिलीप मुकदमा में पैरवी कर रहा था। आशंका जताई कि इसी की वजह से उसकी हत्या की गई होगी। वहीं सूचना मिलने पर जैथरा पुलिस ने जांच शुरू की। दिलीप की ईको कार जिला कासगंज के थाना पटियाली क्षेत्र के नरथर गांव के रेलवे स्टेशन के पास नहर के पास लावारिस खड़ी मिली।
थाना उसहैत के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि जैथरा थाने में युवक की गुमशुदगी दर्ज है। वहीं मुकदमा तरमीम होगा। जैथरा पुलिस जांच करने आई थी। उनका पूरा सहयोग करते हुए जल्द खुलासा कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें - बदायूं: बिजली की चिंगारी से घर में लगी आग, लाखों का नुकसान
