अमेठी : गौशालाओं में ठंड और भूख से तड़पकर मर रहे गोवंश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बनबीरपुर गौशाला में कई बीमार व मृत पड़े गोवंशो का वीडियो हुआ वायरल

अमेठी, अमृत विचार। संग्रामपुर विकासखंड में संचालित गौशालाओं के हालात दयनीय नजर आ रहे हैं। जिम्मेदार कार्यवाही करने के बजाय मौन धारण किए हुए हैं। जिसके चलते आए दिन किसी न किसी गौशाला से कई मृत पशुओं के पड़े होने कुत्ते व कौवे को नोंच कर खाने का वीडियो भी वायरल होते रहते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मौके पर पहुंचकर बीडीओ और ग्राम सचिव द्वारा आनन-फानन में भूसा आदि व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर अधिकारियों को सब कुछ सही दिखाया जाता है।

पूरा मामला बनवीरपुर अस्थाई गौशाला का है  मंगलवार को यहां की गौशाला में कई बीमार व मृत पड़े गोवंशों का वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक मृत पड़े गोवंश के आंख को कौवा द्वारा नोंच कर खाया गया है। वहीं गौशाला के अंदर कुत्ते भी मृत पड़े गोवंशो को नोंच कर खाने के लिए घूम रहे हैं। वायरल वीडियो में जिला अधिकारी के निर्देश के बाद भी ठंड से बचने के लिए गोवंशों को काऊकोट नहीं पहनाया गया है और न ही ठंड से बचाव के लिए पुख्ता इंतजाम ही किये गए हैं। साथ ही खाने के लिए गेंहू के भूसे की जगह पराली के भूसे की व्यवस्था देखने को मिली है।स्थानीय ग्रामीणों का कहना कि गौशाला के व्यवस्थाओं का निरीक्षण व पशुओं के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए बीडीओ और पशु चिकित्साधिकारी कभी भी गौशाला नहीं आते हैं। 

ग्रामीण बताते हैं कि गौशाला के बगल ही मृत गायों को फेंक दिया जाता है। जिसे कुत्ते नोंचते रहते हैं। साक्ष्य के तौर पर गौशाला के बगल मौजूद ढेर सारे अस्थि पंजर है। शिकायत के बाद जब कोई अधिकारी जांच करने आता है तो गौशाला के बगल मौजूद अस्थि पंजर को ग्राम प्रधान व सचिव बता देते हैं कि इन सब को ग्रामीणों द्वारा मृत पशु के फेक जाने की बात कहकर गुमराह कर दिया जाता है। वहीं संग्रामपुर बीडीओ शिवपूजन भारती ने बताया कि समय-समय पर गौशालाओं की जांच की जाती है। वायरल वीडियो संज्ञान में नही है, संज्ञान में आने के बाद वायरल वीडियो की जांच कर कार्यवाही की जाएगी।

ये भी पढ़ें -अयोध्या और राममंदिर से रहा है गोरक्षपीठ की तीन पीढ़ियों का नाता, पढ़िए ये खास खबर

संबंधित समाचार