बाराबंकी: 15 साल पहले परिवार से बिछड़ी मां को पुलिस ने बेटे से मिलाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस ने सी प्लान ऐप से ढूंढ निकाला पता, मां-बेटे के मिलन से दिखा मार्मिक दृश्य

बाराबंकी। 15 साल पहले अपने परिवार से बिछड़ी महिला मंगलवार को अपने बेटे के पास पहुंची तो उर्वशी और उसके बेटे के आंखों से आंसू बह निकले। दरअसल यह महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। पुलिस ने इसका पता-सी प्लान ऐप से लगाया।

7 जनवरी को यह महिला भटकती हुई थाना जैदपुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पाटमऊ में आ गयी। किसी ने इसकी सूचना यूपी 112 के माध्यम से पीआरवी 1726 को दी। सूचना पाकर पीआरवी 1726 व वरिष्ठ उप निरीक्षक सतीश कुमार सिंह थाना जैदपुर तुरंत मौके पर पहुंचे। महिला ठंड से कांप रही थी, इसलिए थाना जैदपुर के उप निरीक्षक सतीश सिंह ने उसे गर्म कपड़े उपलब्ध कराए।  

महिला से काफी प्रयास के बाद उसके परिजनों के सम्बन्ध में जानकारी की गई तथा ज्ञात हुआ कि महिला ग्राम पिपहरा थाना निहौली जनपद एटा की रहने वाली है। थाना जैदपुर पुलिस द्वारा सी प्लान ऐप के माध्यम से सम्बन्धित ग्राम प्रधान से बात करके महिला के परिजनों से सम्पर्क किया गया।  

ज्ञात हुआ कि यह महिला करीब 15 वर्ष पूर्व अपने परिजनों से बिछड़ गई थीं। सूचना पाकर मंगलवार को परिजन बाराबंकी पहुंचे। महिला को उनके पुत्र के सुपुर्द किया गया। मां बेटे लंबे अरसे बाद मिले तो यह बेहद भावुक दृश्य था। बाराबंकी पुलिस द्वारा किए गए मानवीय कार्य की आम जनमानस द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।

यह भी पढ़ें: सीतापुर: प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लोगों में देखा जा रहा गजब का उत्साह, दिवाली के बाद फिर बढ़ी आतिशबाजी की डिमांड

संबंधित समाचार