Kanpur Murder: तीन हत्याओं से दहल गया शहर, झोपड़ी में रहने वाले युवक की गला रेत कर हत्या, नए पुलिस कमिश्नर के सामने चुनौती
कानपुर में झोपड़ी में रहने वाले युवक की गला रेत कर हत्या कर दी गई है।
कानपुर में झोपड़ी में रहने वाले एक युवक की गला रेत कर हत्या कर दी गई है। युवक के दोस्त पर हत्या का शक जताया जा रहा है।
कानपुर, अमृत विचार। जाजमऊ थानाक्षेत्र में मंगलवार रात ताड़बगिया इलाके में असम निवासी कबाड़ी की गला रेतकर हत्या करके सनसनी फैला दी गई।
मृतक का रक्तरंजित शव उसकी झोपड़ी में पड़ा मिला। लोगों की सूचना पर डीसीपी पूर्वी समेत फोरेंसिक टीम पहुंची और घटना के साक्ष्य एकत्रित किए।
मृतक के जीजा ने उसके साथी पर हत्या कर उसका मोबाइल और कबाड़ वाली जुगाड़ गाड़ी लेकर लूटकर भाग जाने का आरोप लगाया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
असम के जिला व थाना बरपेटा के हनकुशी कूलूनी निवासी माजम हुसैन ने बताया कि उनका साला 22 वर्षीय सादिक कबाड़ का काम करता था। माजम ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ पिछले सात वर्ष से कानपुर में रह रहे हैं।
पहले वे पनकी के कांशीराम कॉलोनी में रहकर कबाड़ का काम करता था। अब वे पिछले सात माह से जाजमऊ के ताड़बिगया झुग्गी झोपड़ी में रह रहे हैं।
माजम ने पुलिस को बताया कि उनका साला सादिक पिछले एक वर्ष से उनके साथ शहर में रह रहा था। वह यहां पर अलग झोपड़ी में रहता था और अपने साथी असरुद्दीन के साथ ही ज्यादा समय बिताता था। माजम ने बताया कि मंगलवार सुबह से सादिक का फोन लगातार बंद बता रहा था।
शाम करीब साढ़े सात बजे जब वे सादिक की झोपड़ी के पास ठेकेदार से रुपये लेने आए तो वे सादिक की झोपड़ी में गए। जहां पर उन्हें सादिक का रक्तरंजित शव पड़ा मिला। माजम ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
अफसरों और फोरेंसिक ने जुटाए साक्ष्य
डीसीपी पूर्वी तेज स्वरूप सिंह, एसीपी कैंट अंजलि विश्वकर्मा समेत फोरेंसिक टीम पहुंची और साक्ष्य जुटाए। मृतक के जीजा माजम ने उसके साथी असरुद्दीन पर गला रेतकर हत्या का आरोप लगाया। साथ ही मृतक का मोबाइल और उसकी कबाड़ वाली जुगाड़ गाड़ी भी साथ लेकर जाने की बात कही है।
इस संबंध में डीसीपी पूर्वी ने बताया कि युवक की गला रेतकर हत्या होने की पुष्टि हुई है। मृतक के जीजा ने उसके साथी पर आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश में टीम गठित की गई है।
शहर में हुईं तीन हत्याओं से मचा रहा हड़कंप
मंगलवार पुलिस के लिए अमंगल साबित हुआ। सुबह पहले ग्वालटोली थानाक्षेत्र में आनंदेश्वर मंदिर परिसर में जमीन के विवाद में किसी भारी चीज सिर पर प्रहार करते हत्या कर दी गई। पुलिस पुलिस अमला इस घटना में लगा ही था कि छह घंटे बाद रायपुरवा थानाक्षेत्र में हत्यारों ने बुजुर्ग शिक्षिका को जलाकर मार डाला।
इसके बाद घर की कुंडी बाहर से लगा दी। धुआं उठने पर लोगों को पता चला। पुलिस यहां से शाम तक शव को पोस्टमार्टम के लिए कार्रवाई कर ही रही थी, कि जाजमऊ थानाक्षेत्र के ताड़बगिया इलाके में कबाड़ी की गला रेतकर उसकी नृशंस हत्या कर सनसनी फैला दी गई।
अब देखना यह है कि नए पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार की पुलिस इन हत्याकांडों के हत्यारोपियों को पकड़ पाती है कि वो भी दूसरी घटनाओं की तरह पेंडिंग रहेंगे।
