यूपी उपचुनाव: सात विधानसभा सीटों पर 3 नवंबर को पड़ेंगे वोट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माने जा रहे उपचुनाव में आठ में से सात विधानसभा सीटों पर 3 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने चुनाव के कार्यक्रम का औपचारिक एलान मंगलवार को कर दिया। रामपुर की स्वार सीट को छोड़कर सात सीटों पर होने …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माने जा रहे उपचुनाव में आठ में से सात विधानसभा सीटों पर 3 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने चुनाव के कार्यक्रम का औपचारिक एलान मंगलवार को कर दिया। रामपुर की स्वार सीट को छोड़कर सात सीटों पर होने वाले उपचुनाव की अधिसूचना नौ अक्टूबर को जारी की जाएगी जबकि नामाकंन की आखिरी तारीख 16 अक्टूबर तय की गई है। 17 अक्टूबर को नामाकंन पत्रों की जांच का काम किया जाएगा वहीं 19 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। मतदान 3 नवंबर को होगा और मतगणना 10 नवंबर की जाएगी और संभवत: उसी दिन सभी परिणाम घोषित होंगे।
प्रदेश में कानपुर के घाटमपुर, जौनपुर के मल्हनी, रामपुर के स्वार, बुलंदशहर के सदर, आगरा के टूंडला, देवरिया के देवरिया सदर, उन्नाव के बांगरमऊ तथा अमरोहा के नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव होने हैं। हालांकि स्वार सीट पर अभी चुनाव नहीं होगा। यहां से आजम खां के पुत्र अब्दुल्ला आजम खां विधायक थे जिनकी सदस्यता गलत आयु प्रमाण पत्र देने के कारण रद कर दी गई है। अब्दुल्ला आजम के छह साल चुनाव न लड़ने पर रोक लगाने की शिकायत राष्ट्रपति से की गई है। जब तक राष्ट्रपति के पास इस मामले में सुनवाई नहीं हो जाती, तब तक चुनाव नहीं कराया जा सकता है।
2017 के विधानसभा चुनाव में इन आठ में से छह सीटों पर सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीत हासिल की थी जबकि दो पर सपा का कब्जा था। इस उपचुनाव में पहली बार बहुजन समाज पार्टी (बसपा) भी हिस्सा ले रही है। आमतौर पर बसपा उपचुनाव में शिरकत नहीं करती है लेकिन इस बार बसपा के मैदान में आने से लगभग सभी सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बन रहे है वहीं कांग्रेस के पूरे दमखम से चुनावी रणक्षेत्र में उतरने से मुकाबला रोचक होने के आसार हैं। यूपी में पंचायत चुनाव की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी हालांकि उप चुनाव में हिस्सा नहीं लेगी।
कानपुर की घाटमपुर सीट कबीना मंत्री कमलरानी वरूण के निधन के कारण खाली हो गई है जबकि अमरोहा में नौगावां सादात सीट कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन के कारण खाली है। जौनपुर की मल्हनी सीट सपा के कद्दावर नेता पारसनाथ यादव के निधन के कारण खाली हुई है वहीं बलात्कार के आरोपी भाजपा के निष्कासित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की सदस्यता समाप्त होने से उन्नाव के बांगरमऊ में चुनाव होगा। बुलंदशहर के सदर में भाजपा विधायक वीरेन्द्र सिंह सिरोही के पिछले मार्च में निधन के कारण यहां उपचुनाव हो रहा है। हो गया था जबकि पिछले साल लोकसभा चुनाव में टूंडला के विधायक एसपी सिंह बघेल के संसद के लिये निर्वाचित होने से यह सीट खाली हुई थी। देवरिया सदर सीट भाजपा के जन्मेजय सिंह के निधन के कारण रिक्त हुई है।
