लखनऊ में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, IIT छात्रा से दुष्कर्म की घटना पर मांगा इन्साफ - बैरिकेटिंग पर चढ़कर की नारेबाजी   

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लखनऊ। बीएचयू आईआईटी की छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने राजधानी लखनऊ में आज जोरदार प्रदर्शन किया। यूपी कांग्रेस कार्यालय से जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करने निकले। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें बैरिकेटिंग करके आगे जाने से रोक दिया। वहीं कांग्रेस की तमाम महिला कार्यकर्ताओं ने बैरिकेटिंग के ऊपर चढ़कर बीजेपी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने अपनी मांग को लेकर राज्यपाल के नाम का ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से एडीसीपी सेंट्रल को सौंपा। 

बता दें कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बीएचयू आईआईटी की घटना के विरोध में प्रदेश व्यापी प्रदर्शन का आह्वाहन किया है। इसको लेकर बुधवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस के तमाम नेता महिला कार्यकर्ताओं के साथ बीजेपी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ के कांग्रेस प्रदेश कार्यालय से जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में यूपी महिला कांग्रेस की तमाम कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करने निकली। इस मौके पर उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ममता चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शीला मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष विभा त्रिपाठी, सचिव अनामिका यादव, सुषमा मिश्रा, मेहताब जायसी, रितु अग्रवाल, कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता समेत भारी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बीएचयू आईआईटी की घटना का विरोध जताया।

 कांग्रेस महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि बीजेपी सरकार हमेशा महिलाओं का अपमान करती है। बीएचयू आईआईटी की छात्रा के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपियों के खिलाफ बीजेपी सरकार कोई कड़ी कार्रवाई नहीं कर रही है। क्योंकि सभी आरोपी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कहीं भी महिलाएं सुरक्षित नहीं है। आज महिलाओं को बलात्कारियों से बचाया जाए या बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से बचाया जाए। ऐसे में कांग्रेस पार्टी लगातार महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर आंदोलन करती रहेगी।

ये भी पढ़ें -खड़गे ने केंद्र सरकार पर बोला हमला, कहा- पीएम मोदी ने संसद को अभिनंदन, तालियों का मंच बना दिया

संबंधित समाचार