मुरादाबाद: छापेमारी में मिला 200 टन आयोडाइज्ड नमक, गोदाम सील

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर टीम ने की कार्रवाई, नमक जब्त कर गोदाम सील किया, साढ़े तीन लाख रुपये है नमक की कीमत

मुरादाबाद, अमृत विचार। गलशहीद थाना क्षेत्र के अन्तर्गत रामपुर दोराहा के पास स्थित नमक गोदाम पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने छापेमारी की। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के निर्देश पर हुई छापेमारी में टीम को गोदाम में बिना लाइसेंस बिक्री के लिए रखा गया 200 टन आयोडाइज्ड नमक मिला। जिसे टीम ने जब्त कर गोदाम को सील कर दिया। बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार कर रहे विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई करने में टीम जुट गई।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी बागीश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने गलशहीद थाने के अन्तर्गत रामपुर दोराहा स्थित हरपाल नगर के मैसर्स देवकीनंदन मनोज कुमार पर छापेमारी की। इस दौरान टीम को बिना लाइसेंस बिक्री के गोदाम में स्टॉक किए गए 200 टन आयोडाइज्ड नमक मिला। टीम की पूछताछ में खाद्य कारोबारी के पास इसका कोई लाइसेंस नहीं था।

 इस पर टीम ने नमक को जब्त कर गोदाम को अगले आदेश तक सील कर दिया। टीम की कार्रवाई से आसपास के दूसरे कारोबारियों में भी हड़कंप मच गया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्य खाद्य सुरक्षा के नेतृत्व में टीम हुई इस कार्रवाई के दौरान मौके पर खाद्य कारोबारी रजत गुप्ता मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए नमक की बाजार में कीमत साढ़े तीन लाख रुपये है। विक्रेता के विरुद्ध अन्य कार्रवाई की जा रही है। गोदाम को सील कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: मौसम ने रोडवेज की तैयारियों पर पानी फेरा, खाली रहीं बिजनौर और संभल रूट की बसें

संबंधित समाचार