पहले अयोध्या के नाम से करंट लगता था, अब हर कोई आने को आतुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोई समय था, जब लोग अयोध्या का नाम लेने से डरते थे, उन्हें यह नाम सुनकर जैसे करंट लगता था लेकिन अब हर कोई अयोध्या आने के लिए आतुर है। उन्होंने कहा कि यही नया उत्तर प्रदेश हैं जो अब त्रेता युगीन स्वरूप में दिखाई देगा।

मुख्यमंत्री बुधवार को बरेली क्लब ग्राउंड में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने करीब 34 सौ करोड़ की तमाम परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की भव्य प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी चल रही है।

पांच सौ साल के लंबे संघर्ष के बाद भव्य राम मंदिर बना है। प्रधानमंत्री के नेृतत्व में देश पूरी तरह सुरक्षित है। रेलवे, एयरपोर्ट, सड़कें, एम्स नई पहचान बना रहे हैं। वैश्विक स्तर पर लोग नए भारत को उभरते हुए देख रहे हैं।

कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले बहन-बेटी स्कूल या बाजार तक नहीं जा पाती थीं। जिनकी सरकार थी, वे खुद अपराधियों को संरक्षण देते थे। आज अपराधी-गुंडे और माफिया गले में तख्ती लटकाकर खुद पुलिस के पास पहुंचते हैं और बख्श देने की फरियाद करते हैं।

हर तरफ सुरक्षा का माहौल है। देश में कहीं भी जाकर बताइए कि यूपी से हूं तो लोग खुश होते हैं। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान मंच पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, वन मंत्री अरुण सिंह, सांसद संतोष गंगवार, मेयर उमेश गौतम और सभी विधायक और पार्टी संगठन के अध्यक्ष मौजूद रहे।

फिर दोहराया- पहले कर्फ्यू लगते थे, अब कांवड़ यात्रा निकलती है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली का उदाहरण देते हुए फिर दोहराया कि 2017 से पहले कर्फ्यू लगते थे, लेकिन अब कर्फ्यू लगवाने वालों के घर में कर्फ्यू लगा दिया जाता है। बरेली हो या रामपुर या फिर मुरादाबाद और अलीगढ़, हमने कर्फ्यू को कांवड़ यात्रा में बदल दिया है। उन्होंने जिक्र किया कि बरेली में दंगे के बाद वह आने वाले थे तो उन्हें रोक दिया गया था। अब उनके कार्यकाल में छह साल से एक बार भी कर्फ्यू नहीं लगा है।

संतोष बोले- रबड़ फैक्ट्री की जमीन पर उद्योग लगवाएं
बरेली क्लब ग्राउंड पर जनसभा के दौरान सांसद संताेष गंगवार का संक्षिप्त संबोधन रबड़ फैक्ट्री पर केंद्रित रहा। उन्होंने कहा कि वह रबड़ फैक्ट्री का मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाना चाहते हैं। जमीन पर मालिकाना हक दिलाकर औद्योगिक इकाइयां लगा दी जाएं तो काफी लोगों को रोजगार मिलेगा। बता दें कि 23 साल पहले बंद हो चुकी फैक्ट्री का मामला बॉम्बे हाईकोर्ट में लंबित है।

दुनिया भर में यूपी की कानून-व्यवस्था की तारीफ : खन्ना
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि देश-प्रदेश में दिख रहा बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री याेगी की बदौलत है। वित्त विभाग पास होने की वजह से वह यह बखूबी समझ सकते हैं कि 2017 से पहले प्रदेश की क्या स्थिति थी। उत्तर प्रदेश बीमारू कहलाता था। अब वह दावे से कह सकते हैं कि 2017 के बाद आर्थिक स्थिति में लगातार सुधर रही है। यूपी की कानून व्यवस्था की देश ही नहीं दुनिया में भी सराहना हो रही है। विदेशों में भी कोई घटना होती है तो वहां लोग कहते हैं कि हमें याेगी को दे दो। ऑस्ट्रेलिया में भी मुख्यमंत्री की डिमांड होती है।

नाथ कॉरिडोर शुरू करने आया हूं, लोकार्पण में भी आऊंगा
मुख्यमंत्री ने जनसभा में कहा कि उन्होंने पहली बार निकाय चुनाव से पहले बरेली आकर यहां की जनता से ट्रिपल इंजन सरकार बनाने में सहयोग मांगा था। जनता ने भाजपा के काम, प्रधानमंत्री के विजन, हमारे मिशन को देखकर उमेश गौतम को मेयर चुना। इसी कारण जनता को 3405 करोड़ की योजनाओं की साैगात दी है। इससे सड़क, स्वास्थ्य, विकास, रोजगार और नाथ नगरी की परिकल्पना साकार होगी। बोले, आज नाथ कॉरिडोर शुरू करने के लिए आया हूं, लोकार्पण होगा तब भी जरूर आऊंगा।

विकसित भारत बनने से कोई रोक नहीं सकता
बोले, देश आजादी का 75वां महोत्सव मना रहा है। 2047 के लक्ष्य पर तेजी से काम चल रहा है। शताब्दी महोत्सव जब मनाया जाएगा तो किसान-व्यापारी खुश और बहन-बेटियां सुरक्षित होंगी। भारत को विकसित बनने से कोई ताकत रोक नहीं सकती। इसके लिए पंच प्रण के साथ आगे बढ़ना होगा। लोकल फॉर वोकल, स्थानीय कारीगर, राजमिस्त्री, हस्तशिल्पी को बढ़ाना हाेगा।

गुलामी की मानसिकता से निकलें बाहर
जो हमारे पास है, वही अच्छा है। ऐसा सोचने से ही हम गुलामी की मानसिकता से बाहर निकल सकते हैं। इस मानसिकता को खत्म करना बहुत जरूरी है। प्रदेश में हर ओर विकास हो रहा है। वाराणसी, नोएडा, गाजियाबाद की तरह बरेली में भी काम हो रहा है।

कैंट विधायक ने हाथ उठवाकर जनता से पूछा 22 को दिवाली मनाओगे
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि 22 जनवरी को रामलला अयोध्या में विराजमान होने जा रहे हैं। यह हर हिंदू के गौरवान्वित होने की बात है। उन्होंने पंडाल में मौजूद लोगों से हाथ उठवाकर पूछा कि 22 जनवरी को वे घर पर दिवाली मनाएंगे या नहीं। इस पर पंडाल में मौजूद सभी लोगों के हाथ उठ गए। उन्होंने रामलला के विराजमान होने का सजीव प्रसारण देखने की भी अपील की।

प्रधानमंत्री ने दी लोगों को पक्की छत : मेयर
मेयर उमेश गौतम ने कहा कि पहले गरीब सोचते थे कि उनके घर को ढकने वाली पन्नी कब हटेगी। पक्की छत कब बनेगी। हजारों लोग यही सोचते-सोचते ही दुनिया से विदा हो गए। प्रधानमंत्री ने ऐसे लोगों के बारे में सोचा और उन्हें पक्की छत दी। अब तक चार करोड़ लोगों को छत मिल चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जनता की चिंता करने वाले हैं। सभा को एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त,जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने भी संबोधित किया। सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने आभार जताया।

सीएम की खबर से संबंधित इनसेट इन परियोजनाओं का लोकार्पण

  • 133.28 करोड़ की लागत से स्मार्ट सिटी की 14 किमी लंबी सड़कों का निर्माण।
  • 114.03 करोड़ लागत से अंडरग्राउंड इलेक्ट्रिक केबल, 400 सीट का ऑडिटोरियम।
  • बीडीए की ओर से 137.39 करोड़ लागत के प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण।
  • लोक निर्माण विभाग के 71.54 करोड़ के कई मार्गों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य।

इन परियोजनाओं का शिलान्यास

  • 2275.48 करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण।
  • नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत 238.0000 हेक्टेयर में प्रस्तावित ग्रेटर बरेली आवासीय परियोजना
  • 16.72 करोड़ लागत से नगर निगम की हॉटमिक्स सड़क निर्माण और तालाब का सौन्दर्यीकरण।

इन याेजनाओं के तहत किया गया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने आयुष्मान योजना के तहत एक लाभार्थी को प्रमाण पत्र और दो को आयुष्मान कार्ड दिए। पीएम स्वनिधि योजना के तहत दो लाभार्थियों को चेक दिए। पीएम और सीएम आवास योजना के एक-एक लाभार्थी को सांकेतिक चाबी।

प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत दो लाभार्थियों को प्रमाण पत्र। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लखपति दीदी बीसी सखी को 486468 रुपये का कमीशन प्राप्त करने पर प्रमाण पत्र और चेक। मुख्यमंत्री माटी कला रोजगार योजना में दो को प्रमाण पत्र। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के एक लाभार्थी को 2.5 लाख रुपये का चेक। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत एक लाभार्थी को 1875000 रुपये का चेक दिया।

सीएम के कार्यक्रम में यह रहे माैजूद
सीएम के कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरूण कुमार, सांसद संतोष गंगवार, सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, सदस्य विधान परिषद डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, डॉ. हरी सिंह ढिल्लो, कुंवर महाराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर डॉ. उमेश गौतम, विधायक कैंट संजीव अग्रवाल, विधायक फरीदपुर श्याम बिहारी लाल, विधायक बिथरीचैनपुर डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, विधायक मीरगंज डॉ. डीसी वर्मा, विधायक नवाबगंज डॉ. एमपी आर्य, विधायक भोजीपुरा शहजिल इस्लाम, बृज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, बरेली जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, एडीजी बरेली परिक्षेत्र प्रेमचंद मीणा, आईजी डॉ. राकेश सिंह, डीएम रविन्द्र कुमार, एसएसपी घुले सुशील चन्द्रभान, सीडीओ जग प्रवेश समेत अन्य अधिकारी माैजूद रहे।

ये भी पढ़ें: बरेली में CM योगी ने कहा- देश के सबसे उन्नतिशील राज्य के रूप में स्थापित हो रहा है यूपी

संबंधित समाचार