बरेली: मरीजों को चढ़ाने वाले खून का तुरंत होगा मिलान
जिला अस्पताल में ऑटो ह्यूमन इम्युनो एनालाइजर मशीन की गई इंस्टॉल
बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल की ब्लड बैंक में अब मरीजों को खून चढ़ाने से पहले उसका मिलान हो सकेगा। इसके लिए ब्लड बैंक में ऑटो ह्यूमन इम्युनो एनालाइजर मशीन इंस्टाल कर दी गई है। जिसमें मरीजों का सैंपल लेकर मिलान भी शुरू कर दिया गया है।
अस्पताल में मशीन जून 2023 में ही आ गई थी लेकिन जांच अब शुरू हुई है। अधिकारियों के अनुसार अब इस मशीन से जांच के बाद ही खून किसी मरीज को दिया जाएगा। अब तक इस जांच की सुविधा सरकारी ब्लड बैंक में नहीं थीं। ब्लड डोनेशन के समय रक्तदाता के खून के नमूने की ही जांच होती थी।
ब्लड को मरीज को देते समय मिलान जांच की सुविधा न होने से कई बार मरीज को संक्रमण होने, शरीर में कई तरह के रिएक्शन होने का खतरा रहता था जो कि अब नहीं होगा।
जल्द इंस्टाल होगी एफरेसिस मशीन
ब्लड बैंक नई एफरेसिस मशीन भी आ गई है जो जल्द इंस्टाल की जाएगी। कर्मचारियों के अनुसार एफरेसिस मशीन के माध्यम से चंद मिनटों में ब्लड से प्लाज्मा और प्लेटलेट्स को अलग किया जाएगा। जिससे जिस मरीज को इन दोनों में से काई यूनिट चढ़ाने की आवश्यकता होगी उसके तीमारदार को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
ये भी पढ़ें: बरेली में CM योगी ने कहा- देश के सबसे उन्नतिशील राज्य के रूप में स्थापित हो रहा है यूपी
