Exclusive News : गांव के कीचड़ में फंसे भारत सरकार के अफसर तो सामने आया विकास के दावों का सच

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

भीष्म सिंह देवल,अमृत विचार। विकास का सच जानने निकले भारत सरकार के अफसर का सामना जनपद के गौंजनी गांव में सड़क पर पसरी कीचड़ से हुआ तो न आगे बढ़े बना न पीछे हटे। गांव में पैदल घूम रहे भारत सरकार के उप सचिव नागरिक एवं उड्डयन मंत्रालय सौरभ राज कीचड़ भरी सड़क से बचकर किसी तरह बराबर के घर की जमीन से होकर आगे बढ़े। संभल जिले के अफसरों ने भी कूद फांदकर कीचड़ को पार किया। 

3

भारत सरकार में उप सचिव सौरभ जैन विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही गांव का दौरा कर विकास कार्यों का हाल जानने के लिए संभल जनपद के दौरे पर आये थे। वह असमोली विकासखंड के गौंजनी गांव में गये तो गांव का हाल देखकर चौंक गये। पैदल भ्रमण के दौरान रास्ते में कीचड़ पसरी दिखी को उप सचिव को ठहर कर सोचना पड़ा कि पीछे वापस लौटा जाये या फिर किस तरह कीचड़ से बचकर आगे बढ़ा जाये। उप सचिव सौरभ राज सड़क के बराबर में ग्रामीण के घर की तरफ से होकर आगे बढ़े तो उनके साथ चल रहे एडीएम व एसडीएम संभल ने भी किसी तरह कीचड़ पार किया। सवाल यह खड़ा हुआ कि गांव के विकास पर बड़ा बजट खर्च हुआ है तो फिर गांव के लोग कीचड़ भरे रास्ते से गुजरकर नरकीय जीवन क्यों जी रहे हैं। 

2

आंगनवाडी़ केंद्र पर था कब्जा, अमृत सरोवर का भी हाल खराब
अमृत सरोवर की स्थिति बेहद खराब मिली तो सरकारी नल पर एक ग्रामीण का अवैध कब्जा होने की बात सामने आई। सड़क किनारे बिजली के तार झूल रहे थे। जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र पर उपले पाथकर अवैध कब्जा किया गया था। आरआरसी सेंटर के निर्माण में पीली ईंट लगने का सच भी सामने आया। दौरे में उप सचिव को कई इंडिया मार्का हैंडपंप खराब मिले। गांव के बदतर हालात से रूबरू हुए उप सचिव के सामने स्थानीय अधिकारी भी कुछ कहने की की स्थिति में नहीं दिखे।

4

महिला ने दिखाया अधूरा शौचालय, बगलें झांकने लगे अफसर
मिलक गांव में अमजदी ने शौचालय की दूसरी किस्त नहीं मिलने की समस्या बताई। फिर क्या था उप सचिव सौरभ राज ने महिला के घर का रुख कर लिया। अमजदी का अधूरा शौचालय देखा। पास में ही दिलवरी का मकान कच्चा नजर आया। नफीस भी परिवार के साथ छप्पर में रहता मिला। शौचालय की व्यवस्था नहीं थी। अशफाक का घर देखा तो इसे भी आवास की जरूरत सामने आई। तभी ग्रामीणों ने एकजुट होकर कहा -साहब, गरीबों के राशन कार्ड नहीं बने हैं जबकि अमीरों के बन चुके हैं और वह लाभ भी ले रहे हैं। उप सचिव का कहना रहा कि जो भी समस्याएं हैं उन्हें लेकर जिलाधिकारी से बात की जाएगी। 

5

उप सचिव बोले-ऐसी टीएलएम आज तक नहीं देखी
विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में उप सचिव सौरभ राज जब शिक्षा विभाग के स्टॉल पर पहुंचे तो करीब 10-12 मिनट तक रुक कर टीएलएम को बारीकी से देखा। उत्कृष्ट कार्य के लिए शिक्षकों की प्रशंसा की और अच्छे कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उप सचिव ने शिक्षिका रीना से पूछा तो कहा कि यह टीएलएम खुद तैयार करके लाए हैं। उप सचिव ने कहा-ऐसी टीएलएम आज तक किसी भी प्रदेश में हमने नहीं देखी। प्राथमिक विद्यालय गौंजनी मिलक की इंचार्ज अध्यापिका रीना तथा प्राथमिक विद्यालय गौंजनी की इंचार्ज अध्यापिका प्राची एवं स्टाफ को सम्मानित किया।

गर्भवती महिलाओं की कराई गोद भराई
विकासखंड असमोली क्षेत्र के गांव गौंजनी मिलक में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य सचिव उप सचिव नागरिक एवं उड्डयन मंत्रालय भारत सरकार सौरभ राज ने किया। उप सचिव ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों को अन्नप्राशन कराया। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख असमोली संतोष देवी, योगेंद्र त्यागी, सौरभ त्यागी, सोनू चाहल, अरुण बंसल, संजय कुमार, रोबिन चौधरी आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : संभल : रेलवे फाटक बंद करते समय बीच में फंसी कार, सामने आ गई चंपारण एक्सप्रेस...जानिए फिर क्या हुआ?

 

संबंधित समाचार