गोंडा: बाइक समेत नाले में गिरा युवक, इलाज नहीं मिलने से मौके पर ही मौत, कोहराम
कोहरे के चलते हुआ हादसा, रात भर नाले में पड़ा रहा
कटरा बाजार/ गोंडा। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के अहिरहन पुरवा गंडाही गांव जाने वाली सड़क पर स्थित सूखे नाले के मोड़ पर बुधवार की रात कोहरे के कारण एक बाइक सवार युवक बाइक समेत नाले में जा गिरा। वह घायल हालत में रात भर नाले में पड़ा रहा। इलाज के अभाव में युवक की मौत हो गयी। ग्रामीणों ने सुबह नाले में शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान कोतवाली देहात के चंदवतपुर गांव के रहने वाले फिरंगी(20)पुत्र रामू के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के चंदवतपुर गांव का रहने वाला फिरंगी पुत्र रामू बुधवार की शाम को बाइक से कटरा बाजार थाना क्षेत्र के सर्वांगपुर गांव स्थित अपने बुआ के घर गया था। रात करीब 9 बजे वह वापस अपने गांव जाने के लिए बाइक से निकला था। अहिरहन पुरवा गंडाही ग्राम की सड़क पर वह सूखे नाले के मोड़ को वह कोहरे के कारण देख नहीं सका और बाइक समेत नाले में जा गिरा। नाना सूखा होने की वजह से उसके सिर में गंभीर चोट आई। वह रात भर नाले में पड़ा रहा। माना जा रहा कि समय पर इलाज न मिलने के कारण उसकी मौत हो गयी।
सुबह जब ग्रामीण उधर से गुजरे और नाले में युवक का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक कटरा बाजार संजय गुप्ता पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और युवक के शव को बाहर निकलवाया। युवक की पहचान होने पर उसके परिवार वालों को सूचना दी गयी। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने बताया कि संभवत: समय पर इलाज न मिलने के कारण युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
यह भी पढ़ें: बाराबंकी: शहर के प्रवेश द्वारों पर स्थापित होंगे अशोक स्तंभ, 32 लाख रुपए की लागत से संवरेगी शहर की सीमा
