अयोध्या से अहमदाबाद दो घंटे का सफर, शुरू हुई फ्लाइट शुरू, पहले दिन 148 यात्री पहुंचे
अयोध्या अमृत विचार : अयोध्या से अब गुजरात की दूरी भी कम हो गई है। अयोध्या से गुजरात की राजधानी अहमदाबाद के लिए गुरुवार से फ्लाइट का संचालन शुरू हो गया है। 148 यात्रियों को लेकर इंडिगो एयरलाइंस की पहली फ्लाइट अहमदाबाद के सरदार वल्लभ भाई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अयोध्या सुबह करीब 11 बजे पहुंची। यहां यात्रियों का स्वागत किया गया। उनके श्रीराम के जयघोष से एयरपोर्ट गूंज उठा। दोपहर 12 बजे के करीब फ्लाइट अयोध्या से यात्रियों को लेकर अहमदाबाद के लिए टेकऑफ कर गई।
नई दिल्ली से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, लखनऊ से सीएम योगी आदित्यनाथ व अयोध्या से सांसद लल्लू सिंह ने अहमदाबाद से अयोध्या आने वाली फ्लाइट को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। अहमदाबाद से सुबह 9:10 बजे फ्लाइट टेक ऑफ हुई थी और अयोध्या 11 बजे के करीब पहुंची।
900 किमी. प्रति घंटे थी रफ्तार
सोमनाथ और नागेश्वरनाथ महादेव के दर्शन के बाद अहमदाबाद की फ्लाइट से रामनगरी आए अनूप द्विवेदी ने कहा ये यात्रा बेहद खूबसूरत और आनंदपूर्ण रही। उन्होंने बताया कि फ्लाइट में बार-बार अनाउंसमेंट हो रहा था कि आप सतह से 12 किलोमीटर ऊपर हैं। आपका विमान 900 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा है। यात्री अनुज सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम नगरी अयोध्या प्लेन से आने का सपना आखिरकार साकार हुआ। डॉ. सत्य प्रकाश मिश्रा ने कहा कि हवाई जहाज से पहली यात्रा बहुत अच्छी रही। अयोध्या स्टेशन पर हम सभी यात्रियों का स्वागत हुआ। अनूप ने बताया कि अहमदाबाद से श्रीराम के लिए वहां के लोग कुछ उपहार भी लेकर आए हैं।
15 से मुंबई के लिए और 16 से दिल्ली के लिए एक और फ्लाइट
15 जनवरी से मुम्बई के लिए उड़ान सेवा आरम्भ हो जाने के बाद मुम्बई अयोध्या से तीसरा कनेक्टेड स्थल हो जाएगा। 16 जनवरी से दिल्ली के लिए एक और उड़ान आरंभ हो रही है। बताया जा रहा है कि अभी हफ्ते में तीन दिन के लिए ही अहमदाबाद-अयोध्या फ्लाइट का संचालन होगा।
ये भी पढ़े:- किसानों से अवैध वसूली से जुड़े मामलों में जांच के होने चाहिए विशेष प्रावधान: इलाहाबाद हाईकोर्ट
