गोंडा: बिल न भरने पर बिजली विभाग ने काटा 12 हाईमास्ट लाइटों का कनेक्शन, विधायक ने किया था उद्घाटन 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एक साल पहले खरगूपुर नगर पंचायत में 72 लाख रुपये से लगी थीं हाईमास्ट लाइटें  

खरगूपुर, गोंडा। खरगूपुर नगर पंचायत क्षेत्र में लगाई गयी 12 हाईमास्ट लाइटों का कनेक्शन बिजली विभाग ने काट दिया है‌। यह कार्रवाई बिल का भुगतान न करने पर की गयी है। एक साल पहले मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने इन हाईमास्ट लाइटों का उद्घाटन किया था। हाईमास्ट लाइटों का कनेक्शन कटने से अब नगर पंचायत के सार्वजनिक स्थानों पर अंधेरा रहेगा। 

खरगूपुर नगर पंचायत के बस स्टॉप, पुरानी बाजार, मस्जिदिया चौराहा, हनुमानगढ़ी चौराहा, भगवानदीन पुरवा चौराहा, पटखौली तिराहा सहित दर्जन भर सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी के लिए एक साल पहले 12 हाईमास्ट लाइट लगायी गयी थी। इस पर कुल 72 लाख रुपये खर्च हुए थे। मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने इन लाइटों का उद्घाटन किया था। इसके कनेक्शन और बिल भुगतान की जिम्मेदारी नगर पंचायत को सौंपी गयी थी। बिजली विभाग ने इसके लिए नगर पंचायत को 3.09 लाख रुपये का इस्टीमेट बनाकर सौंपा था।

प्रति हाईमास्ट पर 25800 रुपये का खर्च बताया गया था। लेकिन नगर पंचायत के जिम्मेदारों ने न ते कनेक्शन लिया और न ही बिजली विभाग को इस धनराशि का भुगतान नहीं किया। एक साल तक यह लाइटें बिना कनेक्शन व भुगतान के ही जलती रहीं। विद्युत विभाग एक वर्ष तक भुगतान करने का इंतजार करता रहा,लेकिन भुगतान नहीं हुआ।

बृहस्पतिवार को बिजली विभाग ने इन सभी हाईमास्ट लाइटों का कनेक्शन काट दिया। कनेक्शन कटने से पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया है‌। खरगूपुर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता संतोष सिंह ने बताया कि हाई मास्ट लाइट का विद्युत कनेक्शन न लेने से इसकी आपूर्ति बंद कर दी गयी है। भुगतान होने के बाद कनेक्शन जोड़ा जायेगा।

यह भी पढे़ं: बहराइच: 21 जनवरी से एक पंडाल में गूजेंगे मंत्र और पढ़ा जायेगा निकाह

संबंधित समाचार