Kanpur News: ई-सिटी बसों में करते हैं सफर तो हो जाएं सावधान... शहर में इन रूटों से हटेंगी बसें...जानें...
कानपुर में ई-सिटी बसों का संकट बढ़ने वाला है।
कानपुर में ई-सिटी बसों का संकट बढ़ने वाला है। 17 जनवरी के बाद शहर के विभिन्न रूटों पर सिर्फ 60 बसें ही चल सकेंगी।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में ई-सिटी बसों का संकट बढ़ने वाला है क्योंकि 40 बसें फरवरी तक के लिए अयोध्या भेजी जा रही हैं। उधर पीएमश्री योजना के तहत शहर आने वाली 150 बसों का अब तक इंतजार ही हो रहा है। रूट तय होने के बाद भी बसों की पहली खेप शहर नहीं आ सकी है। 17 जनवरी के बाद शहर के विभिन्न रूटों पर सिर्फ 60 बसें ही चल सकेंगी।
नए साल में 150 नई बसें शहर आनी थीं। इनके ऐसे रूट निर्धारित किए गए थे जिनसे शहर के पर्यटन और व्यापार को बढ़ाया जा सके। इसके अलावा ई-सिटी बसों के बेड़े में 100 से बढ़ाकर 250 बसें की जानी थीं। लेकिन यह योजना पूरी तरह से उलट गई। 150 बसों का पहला बेड़ा शहर पहुंचा नहीं, वहीं 40 बसें अयोध्या भेजने का फरमान आ गया। ये बसें 17 जनवरी से शहर से हट जाएंगी।
इन रूटों से हटेंगी बसें
17 जनवरी के बाद बसों के हटने से तीन रूट सबसे अधिक प्रभावित होंगे। इन रूटों से बसों का संचालन कम होने से जाजमऊ-बिठूर, घंटाघर से रनिया, घंटाघर से रामादेवी, बिंदकी व घाटमपुर आने व जाने वाली बसें प्रभावित होंगी। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना होगा।
चार हजार यात्री होंगे प्रभावित
शहर में चलने वाली 100 ई-सिटी बसों में रोजाना औसत तीस हजार यात्रियों का लोड है। ऐसे रूट जहां से बसों का संचालन कम किया जाएगा वहां पर रोजाना औसत लोड लगभग चार हजार यात्री है।
20 मिनट में एक बस मिलेगी
बसों की संख्या कम होने से प्रभावित रूटों पर यात्रियों को लगभग बीस मिनट का इंतजार करना पड़ सकता है। पहले यह औसत समय 5 से 8 मिनट का था। नई बसों के संचालन में इसी रूट पर औसत समय घटाकर तीन मिनट किया जाना था। बसों के हटाए जाने के बाद अधिकारी बीस मिनट के प्रभावित समय को घटाकर 10 से 12 मिनट करने का प्रयास कर रहे हैं।
ये होगी परेशानी
प्रभावित रूट पर सबसे ज्यादा परेशानी ऐसे यात्रियों को होगी जो जरूरी काम के लिए शहर आते हैं। इस रूट पर सरकारी कर्मचारियों के साथ ही कचहरी, तहसील, हैलट सहित अन्य जरूरी कामकाज के लिए यात्री आते हैं। अब समय पर पहुंचने के लिए इन यात्रियों को ईसिटी बसों का इंतजार करने के साथ ही सीएनजी बसों की भीड़ में सफर कर सकना पड़ सकता है।
40 बसें जा रहीं हैं अयोध्या
01 महीने तक होगी परेशानी
60 बसों का ही होगा संचालन
यह भी पढ़ें- Kanpur News: पीएम नरेंद्र मोदी युवा मोर्चे के राष्ट्रीय अधिवेशन में हुए निमंत्रित... कर सकते हैं बड़ी रैली...
