पत्नी के साथ मारपीट के आरोपी वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पुरुषोत्तम शर्मा निलंबित
भोपाल। पत्नी के साथ मारपीट के आरोपी मध्यप्रदेश कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठतम अधिकारियों में शामिल पुरुषोत्तम शर्मा को आज शाम राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया। राज्य के गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि आईपीएस पुरुषोत्तम शर्मा को तत्काल प्रभावित से …
भोपाल। पत्नी के साथ मारपीट के आरोपी मध्यप्रदेश कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठतम अधिकारियों में शामिल पुरुषोत्तम शर्मा को आज शाम राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया। राज्य के गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि आईपीएस पुरुषोत्तम शर्मा को तत्काल प्रभावित से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय, पुलिस मुख्यालय भोपाल निर्धारित किया गया है।
विशेष पुलिस महानिदेशक पुरुषोत्तम शर्मा वर्ष 1986 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। पत्नी के साथ मारपीट और एक महिला के घर जाने संबंधी वीडियो वायरल होने के बाद पुरुषोत्तम शर्मा को कल राज्य के गृह विभाग ने एक नोटिस जारी कर आज शाम पांच बजे तक जवाब मांगा था। सूत्रों ने कहा कि आरोपी अधिकारी का जवाब असंतोषप्रद पाए जाने पर राज्य सरकार ने उन्हें घरेलु हिंसा और नैतिक पतन के मामले में प्रथम दृष्टया कदाचरण का दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद कल राज्य सरकार ने उन्हें संचालक, लोक अभियोजन के पद से भी हटा दिया था। उन्हें नोटिस जारी होने के बाद से ही माना जा रहा था कि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होने वाली है। दरअसल रविवार की देर रात सोशल मीडिया में आईपीएस अधिकारी शर्मा से संबंधित दो वीडियो वायरल हुए।
चार मिनट से अधिक समय के एक वीडियो में शर्मा एक महिला को जमीन पर गिराकर मारते हुए नजर आ रहे हैं। इसके अलावा सात मिनट से अधिक समय के एक अन्य वीडियो में शर्मा एक महिला के घर पर बैठे हुए हैं और वहां पर उनकी पत्नी भी पहुंच जाती हैं। इस दौरान हुआ वार्तालाप भी इस वीडियो में दिखायी और सुनायी दे रहा है। इन दोनों वीडियों के तेजी से वायरल होने के बाद कल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संकेत दिए थे कि इस मामले में सरकार सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।
