UP: अयोध्या में स्थापित होगी सोने-चांदी से बनी श्रीराम चरणपादुका… इस्कान मंदिर में लगी आस्थावानों की भीड़
अयोध्या में स्थापित होगी चित्रकूट में सोने-चांदी से बनी श्रीराम चरणपादुका।
अयोध्या में स्थापित होगी चित्रकूट में सोने-चांदी से बनी श्रीराम चरणपादुका। इस्कान मंदिर में आस्थावानों की भीड़ लगी। 13 किलोग्राम की रामेश्वरम में बनी पादुका है।
चित्रकूट, अमृत विचार। रामेश्वरम में बनी श्रीराम चरणपादुका के दर्शन के लिए इस्कान मंदिर में आस्थावानों की भीड़ लगी है। पादुका अयोध्या में बने प्रभु श्रीराम के मंदिर में स्थापित की जाएगी।
गौरतलब है कि इस्कान भक्त और हैदराबाद निवासी श्रीनिवास शास्त्री रामेश्वरम में बनी इस पादुका को लेकर यहां आए हैं। चरणपादुका लेकर पदयात्रा रामेश्वरम से 13 जुलाई को निकली थी। तीर्थक्षेत्र में चितरा रोड स्थित इस्कान मंदिर में इसको दर्शनों के लिए रखा गया है। यहां अध्यक्ष अनंतबलदेव अरविंद प्रभु और अन्य श्रद्धालुओं ने इसका पूजन अर्चन किया।
.jpg)
बताया गया कि चरणपादुका देश के सभी तीर्थों में संतों द्वारा पूजित होने के बाद श्रीराम मंदिर अयोध्या में स्थापित होगी। शुक्रवार को चरण पादुका को लेकर इस्कॉन प्रमुख अनंत बलदेव अरविंद प्रभु एवं श्रीनिवास शास्त्री ने भगवान कामतानाथ के दर्शन कर कामदगिरि की परिक्रमा भी की। शुक्रवार को नगर के लोगों ने चरणपादुका के दर्शन किए।
वरिष्ठ अधिवक्ता गया प्रसाद द्विवेदी, सेवा भारती के जिलाध्यक्ष गुरु प्रकाश शुक्ला, महामंत्री राजकिशोर शिवहरे, जिला प्रचार प्रमुख शंकर यादव, जितेंद्र, अंकुर, दीपांशु आदि भजन-पूजन में शामिल रहे।
पादुका लेकर 15 जनवरी को रवाना होंगे श्रद्धालु
श्रीराम चरणपादुका 15 जनवरी तक इस्कान मंदिर में दर्शनार्थ रखी गई है। इसके बाद इसे लेकर श्रद्धालु अयोध्या रवाना होंगे। इसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में लग रही है। अनंतबलदेव अरविंद प्रभु ने कहा कि इच्छुक सभी भक्त चरण पादुका दर्शन के लिए आ सकते हैं।
कई धातुओं से बनी है चरणपादुका
बताया गया कि चरणपादुका बनाने में आधा किलोग्राम सोना और आठ किलोग्राम चांदी लगाई गई है। इसके अलावा साढ़े चार किलोग्राम पंचधातु भी इसमें लगी है। कुल मिलाकर चरणपादुका का वजन 13 किलोग्राम है।
