Kanpur News: 14 को शहर आएंगे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, वेटरन एयरफोर्स कर्मियों के साथ करेंगे मुलाकात...

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कानपुर में 14 जनवरी को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आएंगे।

कानपुर में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह 14 जनवरी को आएंगे और वेटरन एयरफोर्स कर्मियों के साथ मुलाकात करेंगे।

कानपुर, अमृत विचार। देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को शहर अपने धार्मिक गुरु से मिलने शहर आएंगे। वह यहां दो दिन रहेंगे। चुनाव से पहले वह हर बार कानपुर में रहने वाले अपने गुरु हरिदास महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लेते हैं। श्यामनगर स्थित हरिहर धाम में उनके आने से पहले तैयारियां पूरी की जा रही है। इसके साथ ही वह विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिलने के साथ ही रविवार को दूसरे दिन एयरपोर्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।  

राजनाथ सिंह के तय कार्यक्रम के अनुसार शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे चकेरी एयरपोर्ट पर उतरेंगे। इसके बाद वे सीधे हरिहर धाम पहुंचेंगे। यहां से वह सर्किट हाउस के लिए रवाना होंगे। इसके बाद राजनाथ सिंह हरजेंदर नगर स्थित विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के आवास पर रात करीब 8 बजे डिनर करने के लिए पहुंचेंगे। रात सर्किट हाउस में रुकने के बाद वे 14 जनवरी को सुबह 11 बजे आर्म्ड फोर्सेस के वेट्रन डे सेलिब्रेशन में चकेरी एयरफोर्स स्टेशन में शामिल होंगे। दोपहर सवा 12 बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।  

मुख्यमंत्री बनने के बाद कभी नहीं भूले

राजनाथ सिंह हर मौके पर अपने गुरु को याद करना नहीं भूलते। दुख हो या फिर सुख, वह अपने गुरु हरिदास महाराज के नजदीक जरूर दिखाई देते हैं। यूपी के मुख्यमंत्री बनने पर राजनाथ सबसे पहले आशीर्वाद लेने जब अपने गुरु के पास आए थे। 2014 में गृह मंत्री और 2019 में रक्षा मंत्री बनने के बाद भी वह आश्रम आये थे।

कौन हैं हरिहर दास महाराज

हरदोई जिले के सवायजपुर गांव के रहने वाले संतोष कुमार द्विवेदी 80 के दशक में संन्यास लेकर साधु बन गए थे। उनके शिष्य उनको हरिदास महाराज के नाम से पुकारते हैं। उन्होने कानपुर के श्याम नगर में 90 के दशक में एक आश्रम बनवाया। यहां साल भर धार्मिक और सामाजिक कार्य होते रहते हैं। हरिदास महाराज ने गांव में एक कन्या महाविद्यालय और आंखों का अस्पताल भी बनवाया है। उनकी दो बेटियां हैं, जिनमें से एक आंखों की डॉक्टर हैं। दोनों ही बेटियों की शादी हो चुकी है।

यह भी पढ़ें- UP: केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने किया छात्रों को संबोधित, कहा- बूढ़े मां-बाप की लाठी बनो, सीखो और आगे बढ़ो....

संबंधित समाचार