प्राण प्रतिष्ठा के बहिष्कार के बाद डैमेज कंट्रोल में जुटी कांग्रेस, समारोह से पहले ही दर्शन करने जाएंगे पार्टी के बड़े नेता

Amrit Vichar Network
Edited By Ankit Yadav
On

अमृत विचार, लखनऊ। अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है। प्राण प्रतिष्ठा को लेकर राजनीतिक गलियारे में चर्चाएं तेज हो गई हैं इसी बीच कांग्रेस ने प्राण प्रतिष्ठा से पहले भगवान रामलला का दर्शन करने का फैसला किया है। दरअसल, बीते दिन ही कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी ने प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने से इंकार कर दिया वहीं अब कांग्रेस यूपी कांग्रेस प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता आगामी 15 जनवरी को अयोध्या जा रहे हैं। 

कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने कहा कि भाजपा के लोग भगवान और भक्त के बीच में अपनी चुनावी राजनीति के लिए निमंत्रण कार्ड की ओछी राजनीति का माध्यम बनना बंद करें , हमें भगवान रामलला के दर्शन के लिए बीजेपी के लोगों से प्रमाण पत्र और 22 जनवरी की बीजेपी की रैली में शामिल होने की जरूरत नहीं है। अंशू अवस्थी ने आगे कहा कि हम अयोध्या पहुंचकर सरयू नदी में स्नान करेंगे, भगवान रामलला के दिव्य दर्शन करेंगे, हनुमानगढ़ी में भगवान हनुमान के दर्शन करेंगे और प्रार्थना करेंगे कि जो भी भगवान के नाम पर राजनीति भाजपा कर रही है उनको 2024 में भगवान रामलला, भगवान हनुमान वही दंड दें, जैसे कर्नाटक में बीजेपी को हनुमान जी ने दंड देकर सबक सिखाया था।

ये भी पढ़ें:- प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण पर बोले अखिलेश यादव- राम के नाम पर अपमान न करें, कोरियर किया है तो रसीद दीजिए

संबंधित समाचार