मुरादाबाद: अवैध संबंध के शक में हुई बेबी की हत्या, एसपी सिटी ने किया खुलासा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। नागफनी थाना पुलिस ने शुक्रवार को दौलतबाग में रहने वाली महिला बेबी की हत्या का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपी महिला के पति भूरे को गिरफ्तार किया। महिला की हत्या शक और शराब को लेकर होने वाले विवाद का परिणाम थी। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि एक बेटे को गोद लेने के कारण भूरे का पत्नी बेबी से विवाद रहता था। आरोपी अपनी पत्नी पर अवैध संबंध का शक करता था। इसी विवाद में मंगलवार को उसने हत्याकांड को अंजाम दिया। आरोपी के पास से चाकू बरामद कर उसे जेल भेज दिया गया।

नागफनी थाना क्षेत्र के दौलतबाग वाल्मीकि बस्ती निवासी बेबी (45) पत्नी भूरे वाल्मीकि की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। उसका शव मकान के अंदर मिला था। शुक्रवार को एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने पुलिस लाइन में हत्याकांड का खुलासा किया। बताया कि वारदात के बाद से एसओ नागफनी चमन सिंह के नेतृत्व में एसआई अंकुर मलिक और एसआई योगेश कुमार की टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को पुलिस टीम ने आरोपी भूरे पुत्र भगवत दयाल को बारादरी चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसकी शादी 1991 में बेबी से हुई थी। तीन बच्चे सागर, आकाश व दीपा हैं। इसके बावजूद बेबी ने एक अन्य लड़के शिवा उर्फ छोटू को बीते करीब 10 साल से अपने पास रख लिया था।

पुलिस के अनुसार बेबी भले ही छोटू को अपने बेटों की तरह प्यार करती थी, लेकिन आरोपी पति भूरे उससे चिढ़ता था। आरोपी इस बात से परेशान था कि बच्चे जो भी कमाते हैं वह अपनी मां को दे देते हैं। इससे उसे शराब के लिए पैसे नहीं मिल पाते हैं। इसके अलावा आरोपी बेबी के चरित्र पर भी संदेह करता था। इस बात को लेकर अक्सर उसका बेबी से झगड़ा होता था।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन भी दोपहर को बेबी घर से बाहर गई थी। जैसे ही वह घर वापस आई तो आरोपी ने उससे पूछताछ की। इसी बात पर दोनों में झगड़ा हो गया। उसी दौरान आरोपी ने चाकू से उस पर एक के बाद एक कई वार किए। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी कटघर के गुलाबबाड़ी क्षेत्र में रहने वाली अपनी बहन के घर भागकर पहुंच गया था। वहां शक होने पर बहन ने आरोपी के बच्चों को सूचना दी तो वह वहां से भी भाग गया था। एसपी सिटी ने बताया कि फिलहाल आरोपी भूरे को कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें:- भारत से विवाद के बीच चीन ने किया मालदीव को वित्तीय सहायता देने का वादा

संबंधित समाचार